Israel US Relations: गाजा शांति समझौते में अहम भूमिका निभाने वाले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इजरायल ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ ऑनर’ से सम्मानित करने की घोषणा की है। इस ऐतिहासिक मौके पर ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संसद (नेसेट) में हमास की कैद से रिहा हुए बंधकों और उनके परिजनों से मुलाकात की।

इजरायली संसद में ट्रंप का स्वागत गर्मजोशी से हुआ। सभी सांसद खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ ट्रंप का अभिनंदन करते नजर आए। संसद अध्यक्ष अमीर ओहाना ने ट्रंप को “यहूदी इतिहास का दिग्गज” बताया और कहा कि उन्होंने इजरायल और यहूदी समुदाय के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

ट्रंप की सराहना
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने ट्रंप की सराहना करते हुए कहा, “आज का दिन भावनाओं से भरा है। आपका नाम इजरायल की विरासत में दर्ज हो चुका है। आपने जो किया है, वह मानवता के इतिहास में अमिट रहेगा। पूरा राष्ट्र आपका आभारी है।” नेतन्याहू ने यह भी कहा कि डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस में इजरायल के अब तक के सबसे बड़े समर्थक रहे हैं।
नेसेट में नेतन्याहू के संबोधन के दौरान “ट्रंप-ट्रंप” के नारे भी गूंजते रहे। नेतन्याहू ने कहा कि अब तक किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति ने इजरायल के लिए इतने व्यापक और निर्णायक कदम नहीं उठाए। उन्होंने गाजा युद्ध, बंधकों की रिहाई और क्षेत्रीय स्थिरता में ट्रंप की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री ने हमास से लड़ाई का जिक्र करते हुए कहा, “हमने इस युद्ध के लिए भारी कीमत चुकाई है, लेकिन हमारे दुश्मन अब यह समझ चुके हैं कि इजरायल कितना शक्तिशाली और अडिग है। उन्होंने (हमास) सभी बंधकों को रिहा करने का वादा किया था और वह वादा पूरा हुआ।” नेतन्याहू ने यह भी स्पष्ट किया कि इजरायल शांति का पक्षधर है और वह हर हाल में अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
ट्रंप की इजरायल नीति पर एक नजर
डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान अमेरिका ने यरूशलम को इजरायल की राजधानी के रूप में मान्यता दी थी और अमेरिकी दूतावास को तेल अवीव से यरूशलम स्थानांतरित किया था। इसके अलावा, अब्राहम समझौतों के तहत कई अरब देशों के साथ इजरायल के रिश्तों को सामान्य करने में भी ट्रंप प्रशासन ने बड़ी भूमिका निभाई थी।
इसी योगदान को मान्यता देते हुए इजरायल अब ट्रंप को अपना सर्वोच्च सम्मान देने जा रहा है। यह कदम न केवल दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को और मजबूती देगा, बल्कि ट्रंप की वैश्विक छवि पर भी सकारात्मक प्रभाव डालेगा।
Read More : Retail Inflation 2025: महंगाई में बड़ी राहत, सितंबर 2025 में 8 सालों का सबसे कम रिटेल इंफ्लेशन दर्ज











