Ambikapur News : अंबिकापुर-रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग महीनों से बदहाल है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं जिनसे वाहनों का गुजरना किसी जद्दोजहद से कम नहीं है। अंबिकापुर शहर सीमा से लगे काली मंदिर के सामने तो सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि दो से ढाई फीट तक गहरे गड्ढे बन गए थे। यह स्थिति न केवल आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी थी बल्कि छठ पर्व जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के समय श्रद्धालुओं के लिए भी कष्टदायक था।
सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा इस सड़क की मरम्मत की मांग लगातार की जा रही थी। उन्होंने अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया था कि छठ पर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क का समतलीकरण किया जाए। मगर अफसोस, न तो अधिकारियों ने संज्ञान लिया और न ही जनप्रतिनिधियों ने ध्यान दिया।
आखिरकार, जब सब्र का बांध टूटा तो सामाजिक कार्यकर्ता खुद सड़क पर उतर आए। उन्होंने काली मंदिर के पास सड़क की बदहाल हालत के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। गड्ढों में भरे कीचड़ और पानी में लोटकर उन्होंने व्यवस्था के प्रति अपना गुस्सा और असंतोष जाहिर किया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि सिर्फ फोटो खिंचवाने में आगे रहने वाले नेताओं को अब जनता की सड़कें नहीं दिखतीं।
इस प्रदर्शन में कई ऑटो चालक भी स्वतः शामिल हो गए जो लंबे समय से इस सड़क से गुजरते वक्त परेशानियों का सामना कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शंकरघाट छठ पूजा स्थल तक पहुंचने के लिए यही मुख्य मार्ग है, जहां हर साल हजारों श्रद्धालु दंडवत कर पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, लेकिन प्रशासन ने उनकी तकलीफों को नजरअंदाज कर दिया।
इसी बीच प्रदर्शन के दौरान एक एक्सीवेटर सड़क से गुजर रही थी। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने चालक से आग्रह किया कि वह गड्ढे भरने और सड़क को समतल करने में मदद करे। चालक ने भी जनता की भावनाओं को समझते हुए तुरंत मदद की पेशकश की और मौके पर ही सड़क के गड्ढों को भरकर उसे काफी हद तक समतल कर दिया। इससे स्थानीय लोगों को राहत मिली और आवागमन कुछ हद तक आसान हो गया।
हालांकि यह सुधार अस्थायी है, भारी वाहनों के गुजरने से सड़क फिर खराब होगी लेकिन इस पहल ने एक सशक्त संदेश जरूर दिया कि जब प्रशासन बेपरवाह हो जाए, तब जनता खुद कमान संभाल लेती है। इस अनोखे प्रदर्शन में सुजान बिंद, अभय नारायण पांडेय, मंगल पांडेय, अंकुर सिंह, सुरेश राम बुनकर, राजेंद्र बहादुर सिंह, रामेश्वर विश्वकर्मा सहित आम नागरिक शामिल हुए।
Puducherry Election Results 2026 Live : देश के अन्य चार राज्यों के साथ-साथ केंद्र शासित…
Assam Election Results 2026 Live : असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए डाले गए मतों…
Solar Eclipse 2026 : साल 2026 खगोल विज्ञान के प्रेमियों और ज्योतिष में रुचि रखने…
Brain Stroke Recovery : भारत में पिछले कुछ वर्षों में ब्रेन स्ट्रोक के मामलों में…
Kerala Election Results 2026 Live : केरल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए डाले गए वोटों…
Tamil Nadu Election Results 2026 Live : तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23…
This website uses cookies.