UP Police Alert : उत्तर प्रदेश में दीपावली, छठ और देव दीपावली सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन और पुलिस को अलर्ट कर दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों की आड़ में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, सांप्रदायिक तनाव फैलाने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कानून-व्यवस्था की समीक्षा
मंगलवार को लखनऊ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राज्य मुख्यालय से लेकर तहसील और थानों तक तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री का कहना है कि त्योहारों के दौरान प्रशासनिक और पुलिस तंत्र पूरी तरह सक्रिय रहना चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अफवाह फैलाने, भ्रामक खबरें प्रसारित करने और भड़काऊ संदेश साझा करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से ऐसी पोस्ट और वीडियो पर नजर रखने को कहा गया है, जिनसे धार्मिक या सामाजिक तनाव पैदा होने की आशंका हो सकती है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि किसी भी व्यक्ति को त्योहारों के दौरान शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

अयोध्या दीपोत्सव के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम
7 नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव को देखते हुए मुख्यमंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के साथ उनकी सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए। प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बाजारों और धार्मिक स्थलों पर बढ़ेगी निगरानी
धनतेरस और दीपावली के दौरान बड़े बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को पैदल गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा गया है। अंतरजिला और स्थानीय यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए पहले से रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस रिस्पांस व्हीकल PRV-112 को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पटाखा दुकानों और अग्निशमन व्यवस्था पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने पटाखों की दुकानों और अस्थायी भंडारण केंद्रों को घनी आबादी से दूर खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर स्थापित करने को कहा। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त दमकल वाहनों और जरूरी जीवन रक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आग लगने या किसी अन्य आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके।
खाद की कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
त्योहारों की तैयारियों के साथ मुख्यमंत्री ने किसानों से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा की। उन्होंने जिलाधिकारियों को यूरिया और डीएपी खाद की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखने को कहा। खाद की जमाखोरी, कृत्रिम कमी पैदा करने या निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
धान खरीद केंद्रों पर किसानों को मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री ने धान खरीद व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खरीद केंद्रों पर किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। कोई भी किसान अपनी उपज बेचे बिना निराश होकर वापस नहीं लौटना चाहिए। सरकार का निर्देश है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ आम जनता और किसानों से जुड़ी व्यवस्थाएं भी पूरी तरह दुरुस्त रहें।
Read moer : Mizoram Earthquake: मिजोरम में देर रात भूकंप से हिली धरती, चंफाई में 3.7 रही तीव्रता


