UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में मथुरा में आयोजित भाजपा उत्तर प्रदेश की संगठनात्मक योजना बैठक के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पार्टी की चुनावी दिशा और जनता तक पहुंचने के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
विकास, कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान होंगे प्रमुख मुद्दे
बैठक में सामने आई रणनीति के मुताबिक, भाजपा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुख्य रूप से तीन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है। इनमें विकास, कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा और सांस्कृतिक पहचान व राष्ट्रवाद शामिल हैं। पार्टी इन विषयों के जरिए सरकार के कामकाज और अपनी वैचारिक पहचान को मतदाताओं के सामने रखने की योजना बना रही है। इसके अलावा श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी पार्टी के राजनीतिक और वैचारिक एजेंडे में प्रमुखता से शामिल करने की तैयारी की चर्चा है।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी एजेंडे में शामिल करने की तैयारी
बैठक में पार्टी के वैचारिक मुद्दों को लेकर भी चर्चा हुई। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रमुख मुद्दों में से राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का काम पूरा हो चुका है। ऐसे में आने वाले समय में अन्य वैचारिक विषयों को लेकर पार्टी की रणनीति पर विचार किया जा रहा है। इसी क्रम में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी चुनावी विमर्श में महत्वपूर्ण स्थान पा सकता है। हालांकि, बैठक में सामने आए इन मुद्दों के अलावा अन्य विषयों पर भी आगे चर्चा होने की संभावना है।

बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर
भाजपा की रणनीति में बूथ प्रबंधन को सबसे अहम माना गया है। बैठक में कहा गया कि कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना जरूरी है। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर पर युवाओं को अपने साथ जोड़ना और हर बूथ पर संगठन की सक्रियता बढ़ाना है। कार्यकर्ताओं के बीच ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का संदेश पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। पार्टी चाहती है कि चुनाव से पहले बूथ स्तर तक उसका संपर्क और जनाधार मजबूत हो।
कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करना बड़ी चुनौती
बैठक के दौरान कुछ नेताओं ने कार्यकर्ताओं की नाराजगी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं की शिकायतों और असंतोष को दूर करना जरूरी है। यदि उनकी नाराजगी बनी रहती है तो इसका असर चुनावी तैयारियों पर पड़ सकता है। इसलिए संगठन के भीतर संवाद बढ़ाने, कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

योगी ने सरकार की योजनाएं जनता तक पहुंचाने को कहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में कहा कि प्रदेश सरकार ने समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने और सरकार के कामकाज की जानकारी जनता को देने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने पिछली अखिलेश यादव सरकार के कार्यकाल को लेकर जनता के बीच जंगलराज और सुशासन की तुलना रखने की बात कही। भाजपा की कोशिश है कि विकास, सुरक्षा, संगठन की मजबूती और सांस्कृतिक मुद्दों के सहारे तीसरी बार सत्ता में वापसी का रास्ता तैयार किया जाए।

