General David Allvin: रूस और यूक्रेन युद्ध की समाप्ति को लेकर अमेरिका में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बैठक में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और अन्य नेताओं की मौजूदगी के दौरान अमेरिकी वायु सेना प्रमुख जनरल डेविड एल्विन ने चौंकाने वाला ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वह आने वाले महीनों में रिटायरमेंट लेने पर विचार कर रहे हैं।

कार्यकाल बीच में छोड़ने का निर्णय
जनरल एल्विन अमेरिका के 23वें वायु सेना प्रमुख हैं। उन्होंने यह पद 2 नवंबर 2023 को संभाला था। उनका कार्यकाल चार साल का था, लेकिन केवल दो साल पूरे करने के बाद ही उन्होंने पद छोड़ने की घोषणा कर दी। उन्होंने बताया कि वे 1 नवंबर 2025 के आसपास रिटायर होंगे। यह फैसला अमेरिकी रक्षा प्रतिष्ठान में हलचल का कारण बन गया है। क्योंकि हाल के महीनों में रक्षा सचिव पीट हेगसेथ द्वारा कई वरिष्ठ अधिकारियों को बर्खास्त किए जाने की घटनाओं के बाद, अब वायु सेना प्रमुख की अचानक घोषणा ने सवाल खड़े कर दिए हैं।

शानदार करियर और अनुभव
एल्विन वायु सेना अकादमी से स्नातक हैं और उनके पास 4,600 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है। वे नवंबर 2020 से वायु सेना के उप प्रमुख रहे और उसके बाद 2023 में चीफ ऑफ स्टाफ बने। अपने कार्यकाल में उन्होंने आधुनिक तकनीक, वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों और अमेरिकी वायु सेना के सामरिक सुधारों पर जोर दिया। “मैं 23वें वायु सेना प्रमुख के रूप में सेवा करने के अवसर के लिए आभारी हूं। मैं सचिव मीनक, सचिव हेगसेथ और राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। सबसे अधिक गर्व मुझे इस बात का है कि मैं उन वायुसैनिकों की टीम का हिस्सा हूं, जो ईमानदारी, सेवा और उत्कृष्टता के मूल्यों को जीते हुए प्रतिदिन इस महान राष्ट्र की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं।”
सवालों के घेरे में रिटायरमेंट
हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि एल्विन ने खुद ही यह फैसला लिया है या फिर उन पर पेंटागन नेतृत्व का दबाव था। रक्षा सचिव पीट हेगसेथ जनवरी में पदभार संभालने के बाद से कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को हटा चुके हैं, जिनमें ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष, अमेरिकी नौसेना प्रमुख और सेना-नौसेना-वायु सेना के जज एडवोकेट जनरल शामिल हैं। ऐसे में एल्विन का यह फैसला प्रशासनिक दबाव से जुड़ा माना जा रहा है। यह ऐलान ऐसे समय पर हुआ है जब अमेरिका रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए सक्रिय कूटनीति में जुटा है। बैठक में डोनाल्ड ट्रंप और वोलोदिमिर जेलेंस्की की मौजूदगी इस बात का संकेत देती है कि अमेरिका मध्यस्थता की कोशिशों को तेज कर रहा है। ऐसे दौर में वायु सेना प्रमुख का पद छोड़ना रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जनरल डेविड एल्विन का बीच कार्यकाल में रिटायरमेंट का ऐलान अमेरिकी रक्षा ढांचे और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति दोनों पर असर डाल सकता है। एक ओर रूस-यूक्रेन युद्ध पर निर्णायक वार्ता हो रही है, वहीं दूसरी ओर अमेरिकी सैन्य नेतृत्व में लगातार बदलाव राजनीतिक और रणनीतिक सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि अमेरिका वायु सेना के नए नेतृत्व के साथ किस तरह वैश्विक चुनौतियों का सामना करता है।
Read More : MLA Vinayak Goyal : चित्रकोट विधायक विनायक गोयल को ग्रामीणों ने घेरा, बोधघाट परियोजना को लेकर फूटा आक्रोश










