US Shutdown 2025: अमेरिका में 1 अक्टूबर 2025 से जारी शटडाउन को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक फैसला लिया है। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा है कि सरकार अब डेमोक्रेट्स के समर्थन वाले कार्यक्रमों को स्थायी रूप से बंद करेगी। व्हाइट हाउस ने इस संबंध में प्रशासनिक आदेश जारी कर दिया है और बंद होने वाले कार्यक्रमों की सूची जल्द सार्वजनिक की जाएगी।

डेमोक्रेट समर्थित “समाजवादी” कार्यक्रमों पर चला ट्रंप का बुलडोज़र
ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “शटडाउन के चलते अब हम वे सभी काम कर पा रहे हैं, जिन्हें करना पहले संभव नहीं था। हमने फैसला किया है कि समाजवादी और अर्ध-साम्यवादी कार्यक्रमों को हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि ये कार्यक्रम डेमोक्रेटिक पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाते थे, और रिपब्लिकन प्रशासन कभी इन्हें सही नहीं मानता था।

रिपब्लिकन समर्थित योजनाएं रहेंगी जारी
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि सिर्फ उन कार्यक्रमों को बंद किया जाएगा जो अप्रभावी, खर्चीले और वैचारिक रूप से विरोधाभासी हैं। “जो योजनाएं रिपब्लिकन एजेंडे को आगे बढ़ाती हैं और जिनका सामाजिक व आर्थिक लाभ स्पष्ट है, वे जारी रहेंगी,” ट्रंप ने कहा।
संघीय कर्मचारियों की कटौती और नई योजना
व्हाइट हाउस के मैनेजमेंट एंड बजट ऑफिस में भी कर्मचारियों की संख्या घटाई जाएगी। पिछले सप्ताह ही 7 संघीय एजेंसियों से हजारों कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया था। अब और अधिक विभागों में “फरलो” (अनिवार्य अवैतनिक छुट्टी) का आदेश जारी किया जा सकता है।
क्यों हुआ शटडाउन?
शटडाउन की जड़ में है फंडिंग बिल पर गतिरोध। कांग्रेस वित्तीय वर्ष 2026 के लिए बजट पारित करने में विफल रही। सीनेट में बजट प्रस्ताव को केवल 55 वोट मिले, जबकि पास होने के लिए 60 वोट जरूरी थे। इसके चलते 30 सितंबर की रात से अमेरिका में शटडाउन लागू कर दिया गया।
क्या है दोनों पक्षों की मांग?
-
डेमोक्रेट्स: टैक्स क्रेडिट्स और हेल्थकेयर फंडिंग बढ़ाने की मांग
-
ट्रंप सरकार (रिपब्लिकन): सरकारी खर्च में कटौती और फंडिंग नियंत्रण
असर: 20 लाख कर्मचारी छुट्टी पर
इस शटडाउन का प्रभाव बड़ी संख्या में संघीय कर्मचारियों पर पड़ा है। अनुमान है कि 20 लाख से अधिक कर्मचारी या तो फरलो पर भेजे गए हैं या वेतन रोक दिया गया है। कई गैर-जरूरी सरकारी सेवाएं जैसे म्यूजियम, पार्क, सामाजिक सहायता केंद्र बंद हो चुके हैं।
सबसे लंबा शटडाउन बन सकता है यह?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह शटडाउन 2018-19 के 35 दिन वाले शटडाउन से भी लंबा खिंच सकता है। ट्रंप और डेमोक्रेट्स के बीच टकराव विचारधारा से जुड़ा है, इसलिए समाधान जल्दी होता नहीं दिख रहा।ट्रंप प्रशासन ने शटडाउन को राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल करते हुए डेमोक्रेट समर्थित कार्यक्रमों पर हमला बोला है। जहां एक तरफ प्रशासन इसे आर्थिक सुधार की दिशा में कदम बता रहा है, वहीं दूसरी ओर डेमोक्रेट्स इसे तानाशाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैया करार दे रहे हैं। अमेरिका में शटडाउन का यह अध्याय अभी और लंबा चल सकता है।
Read More: US Shutdown 2025: शटडाउन पर ट्रंप का बड़ा ऐलान: डेमोक्रेट समर्थित प्रोग्राम बंद!










