Raid in Vinod Rai Residence: बिहार की राजधानी पटना में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शुक्रवार को ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार राय के आवास पर छापेमारी कर करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा किया। छापे के दौरान ऐसी घटनाएं सामने आईं जिन पर यकीन करना मुश्किल था राय ने न केवल लाखों के नोट जलाने की कोशिश की, बल्कि पानी की टंकी और पाइप में भी करंसी छुपा दी।

कार से शुरू हुई जांच, घर तक पहुंची कार्रवाई
EOU को 21 अगस्त को सूचना मिली थी कि विनोद राय अपनी इनोवा कार से भारी नकदी लेकर जा रहे हैं। सत्यापन के बाद एएसपी कुमार इंद्रप्रकाश और डीएसपी राकेश कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई और अगमकुआं थाना क्षेत्र के भूतनाथ रोड स्थित आवास पर छापेमारी की गई।

अधजले नोटों से भरी नालियां
कार्रवाई की भनक लगते ही राय ने अपने घर में नोटों को जलाना शुरू कर दिया। जब पुलिस ने तलाशी ली तो घर के टॉयलेट पाइप और नालियों में अधजले नोटों के अवशेष मिले। पाइप पूरी तरह जाम हो चुका था, जिसे नगर निगम की मदद से खुलवाया गया। इस दौरान भारी मात्रा में अधजली करंसी बरामद हुई।
पानी की टंकी से निकले 39.50 लाख रुपये
तलाशी के दौरान टीम को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब घर की पानी की टंकी से 500 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। गिनती में ये रकम 39 लाख 50 हजार रुपये निकली। जले हुए नोटों को जोड़कर कुल बरामदगी लगभग 52 लाख रुपये आंकी गई है।
करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
EOU के मुताबिक अब तक की जांच में राय के घर से लगभग 26 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, बीमा पॉलिसियों के कागजात, चल-अचल संपत्तियों के दस्तावेज और एक इनोवा क्रिस्टा कार जब्त की गई है। बीमा और संपत्ति के दस्तावेजों का मूल्यांकन जारी है। प्रथम दृष्टया विनोद राय को इस पूरे मामले में मुख्य आरोपी मानते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है। तलाशी के दौरान उनकी पत्नी बबली राय ने भी टीम के साथ अभद्रता की और घर में प्रवेश करने से रोका। जांच में बाधा डालने के आरोप में उनके खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
लालच ने डाली मुश्किल में
EOU अधिकारियों का कहना है कि विनोद राय लंबे समय से अवैध कमाई कर रहे थे और उनके खिलाफ ठोस सबूत मिले हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि नोट जलाने और छुपाने की कोशिश इस बात का सबूत है कि राय अपनी काली कमाई को बचाने में बुरी तरह नाकाम रहे। EOU अब बरामद जेवरात और संपत्ति दस्तावेजों की कीमत का आकलन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि राय और उनके परिवार के किसी अन्य सदस्य की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Read More : Patna Accident : गंगा स्नान से लौट रहे 8 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, टेंपो के उड़े परखच्चे











