Chhattisgarh Rain Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सोमवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुक कर हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम काफी सुहावना हो गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने मंगलवार, 9 सितंबर के लिए प्रदेश के 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने जानकारी दी है कि मंगलवार को जिन जिलों में भारी बारिश की संभावना है, उनमें रायपुर, महासमुंद, बलौदा बाजार, दुर्ग, सूरजपुर, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही शामिल हैं। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ-साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं बिलासपुर और रायपुर जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है। किसानों और ग्रामीणों के लिए चेतावनी मौसम विभाग ने बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खासकर ग्रामीण इलाकों के लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले मैदानों, खेतों या ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने की हिदायत दी गई है। विभाग ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें। अगले कुछ दिनों में और बढ़ेगी बारिश विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मॉनसून की सक्रियता बनी रहेगी। अनुमान है कि अगले 3 से 5 दिनों के भीतर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है, खासकर दक्षिणी और मध्य छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों में। बारिश से राहत, लेकिन अलर्ट जरूरी सोमवार की बारिश से प्रदेशभर में उमस और गर्मी से राहत मिली है। रायपुर में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। आम नागरिकों ने भी बादलों से ढंके आसमान और ठंडी हवाओं का आनंद उठाया। हालांकि, विभाग ने आगाह किया है कि बारिश के दौरान जलभराव, बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका बनी हुई है। छत्तीसगढ़ में मानसून दोबारा सक्रिय हो चुका है और राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। लोगों को अलर्ट रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की जरूरत है। बारिश से राहत जरूर मिली है, लेकिन सतर्कता ही सुरक्षा है। Read More: iPhone 17 Launch: iPhone 17 से लेकर नई Watch Series 11 तक, जानें Apple के “Awe Dropping” इवेंट में क्या होगा खास और कैसे देखें लाइव
















