Weather Today 4 August : देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। असम, गुजरात और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी वर्षा के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। असम में करीब 50 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं, जबकि हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों तक पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। 4 अगस्त को देश के 19 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इन राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 4 अगस्त के लिए असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार और उत्तराखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 4 से 6 अगस्त तक येलो अलर्ट लागू किया गया है। आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह, दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम आर्द्रता 90 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है, जिससे उमस बनी रहेगी। 5 और 6 अगस्त को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि इन दोनों दिनों के लिए किसी अतिरिक्त चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज बारिश का पूर्वानुमान
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी क्षेत्रों में 4 से 6 अगस्त तथा पूर्वी हिस्सों में 4 से 7 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है। वहीं बिहार में 4 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 5 और 6 अगस्त को भी भारी वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है।
हिमाचल और उत्तराखंड में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा
हिमाचल प्रदेश में 4 से 9 अगस्त तक व्यापक बारिश का अनुमान लगाया गया है। कई इलाकों में भारी बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव का खतरा बना हुआ है। वहीं उत्तराखंड में भी 4 से 9 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जैसे जिलों में अचानक बाढ़ और निचले इलाकों में जलभराव का जोखिम जताया गया है।

पंजाब सहित अन्य राज्यों में भी मौसम रहेगा सक्रिय
पंजाब में 4 से 6 अगस्त के दौरान कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। 4 अगस्त को कुछ इलाकों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। देश के अन्य हिस्सों में भी मानसून सक्रिय बना रहेगा। मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
4 अगस्त को प्रमुख शहरों का संभावित तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| दिल्ली | 31°C | 27°C |
| मुंबई | 29°C | 27°C |
| चेन्नई | 36°C | 27°C |
| कोलकाता | 32°C | 28°C |
| लखनऊ | 30°C | 27°C |
| पटना | 32°C | 27°C |
| रांची | 29°C | 24°C |
| भोपाल | 31°C | 25°C |
| जयपुर | 32°C | 26°C |
| शिमला | 23°C | 20°C |
| नैनीताल | 22°C | 21°C |
Read More : Morning Coffee Benefits: क्या सुबह की कॉफी लिवर को रख सकती है स्वस्थ? विशेषज्ञ की राय जानिए












