Yogi Adityanath : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कार्यक्रम ‘योगी की पाती’ के जरिए सार्वजनिक जीवन के कई ऐसे अनुभव साझा किए, जिनके बारे में आमतौर पर ज्यादा चर्चा नहीं होती। उन्होंने वनटांगिया और मुसहर समाज के लोगों के संघर्ष, उनके अधिकारों और उन्हें सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किए गए प्रयासों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 28-29 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में उन्हें समाज के ऐसे कई वर्गों की समस्याओं को करीब से समझने का अवसर मिला, जो लंबे समय तक उपेक्षा का शिकार रहे।
अंग्रेजों के शासन में अस्तित्व में आया वनटांगिया समुदाय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि लगभग 120 वर्ष पहले ब्रिटिश शासन के दौरान रेलवे लाइन बिछाने के लिए बड़े पैमाने पर जंगलों की कटाई कराई गई थी। इसके बाद उन क्षेत्रों में दोबारा जंगल तैयार करने और उनकी सुरक्षा करने के लिए कुछ लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बदले उन्हें जीवनयापन के लिए जमीन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई थी। ये लोग वनटांगिया समुदाय से संबंधित थे।

योगी ने बताया कि समय बीतने के साथ वनटांगिया समाज के लोगों की अनदेखी होने लगी। वे अपने बुनियादी अधिकारों से भी वंचित होते चले गए। उन्होंने कहा कि समाज के बहुत से लोगों को शायद वनटांगिया समुदाय के बारे में पहले जानकारी भी नहीं रही होगी, जबकि ये लोग लंबे समय से इसी समाज का हिस्सा थे।

मनमोहन सिंह से मिलकर वन अधिनियम में बदलाव की मांग
मुख्यमंत्री ने बताया कि वनटांगिया समुदाय को अधिकार दिलाने के लिए उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने वन अधिनियम में संशोधन करने की मांग उठाई थी। योगी के मुताबिक, उस समय वन मंत्री ने सवाल किया था कि इस बात की क्या गारंटी है कि संबंधित लोग इतने पुराने समय से उन जंगलों में रह रहे हैं।उन्होंने बताया कि बाद में वन अधिनियम में संशोधन किया गया और इसे लागू करने की जिम्मेदारी राज्य सरकारों को सौंपी गई। हालांकि, योगी का दावा है कि 2007 में केंद्र सरकार द्वारा संशोधन किए जाने के बावजूद 2017 तक उत्तर प्रदेश में इसका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पाया था।
2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद शुरू किया काम
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने वनटांगिया समुदाय को अधिकार दिलाने की दिशा में प्राथमिकता से काम शुरू किया। उन्होंने अपने पुराने अनुभव बताते हुए कहा कि गोरखपुर में सांसद रहते हुए जब वह इस मुद्दे को प्रशासन के सामने उठाते थे, तब अधिकारियों के साथ उनकी बहस तक हो जाती थी।

मुसहर समाज की भूख से मौतों के बाद शुरू किया आंदोलन
मुख्यमंत्री ने मुसहर समाज के संघर्ष का जिक्र करते हुए बताया कि मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते हुए कुशीनगर में मुसहर समुदाय के करीब एक दर्जन लोगों की मौत हुई थी। उस समय प्रदेश में खाद्यान्न घोटाले का मामला भी चर्चा में था। योगी के मुताबिक, एक तरफ सरकारी खाद्यान्न व्यवस्था में गड़बड़ी की शिकायतें थीं, तो दूसरी तरफ गरीब मुसहर परिवार भूख से जान गंवा रहे थे।
उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने कुशीनगर में आंदोलन शुरू किया और तत्कालीन राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा। अपनी शिकायत लेकर वह राजभवन पहुंचे थे।
ट्रेन से गोरखपुर से लखनऊ पहुंचे थे योगी
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उस समय वह सांसद थे और राज्यपाल से मुलाकात करने के लिए ट्रेन से गोरखपुर से लखनऊ आए थे। राजभवन की ओर से लगातार फोन करके उनके आने की पुष्टि की जा रही थी। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्यपाल को भी विश्वास नहीं हो रहा था कि वह वास्तव में मिलने पहुंचेंगे। बाद में राज्यपाल ने उनसे कहा कि उन्हें उनके आने की उम्मीद नहीं थी।
समाज के अनछुए मुद्दों को सामने लाने की कोशिश
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका सार्वजनिक जीवन करीब 28-29 वर्षों का हो चुका है। इस दौरान उन्होंने महसूस किया कि समाज में ऐसे कई वर्ग और मुद्दे हैं, जिनकी वास्तविक स्थिति आम लोगों तक नहीं पहुंच पाती। ‘योगी की पाती’ कार्यक्रम के माध्यम से वह ऐसे ही अनछुए विषयों पर संवाद स्थापित करना चाहते हैं। वनटांगिया और मुसहर समाज से जुड़े अनुभव साझा कर उन्होंने उनके अधिकारों के लिए किए गए संघर्षों और सामाजिक बदलाव की कहानी लोगों के सामने रखी।

