NSUI Effigy Burning: छत्तीसगढ़ में खेल विभाग में कथित भ्रष्टाचार और नकली डिग्री जारी करने वाली संस्था के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारियों पर दर्ज FIR के विरोध में रविवार को राजधानी रायपुर में भारी प्रदर्शन हुआ। इस दौरान युवा कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री विजय शर्मा का पुतला दहन कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया।

प्रदर्शन में युवाओं का जबरदस्त हुजूम
राजधानी रायपुर के प्रमुख स्थान पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस, NSUI के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पूर्व पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला और NSUI रायपुर जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने खेल विभाग में भ्रष्टाचार और डिग्री घोटाले का खुलासा किया था। इसके जवाब में भाजपा सरकार ने राजनीतिक दबाव बनाकर पुलिस से इनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज करवाया है।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई, लेकिन युवा नेता अपने हक की लड़ाई को और तेज करने के लिए दृढ़ बने हुए हैं।
FIR के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी
NSUI नेता अमित शर्मा ने साफ तौर पर कहा है कि यदि झूठे प्रकरण वापस नहीं लिए गए तो वे उग्र आंदोलन को अंजाम देंगे। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि वे प्रदेश में चल रहे अवैध पैरामेडिकल कॉलेज के खिलाफ भी जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के बंगले का घेराव करने की भी योजना बनाई है।
भ्रष्टाचार और डिग्री घोटाले पर सख्त कार्रवाई की मांग
शनिवार को युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला ने खेल संचालनालय कार्यालय जाकर विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से सवाल पूछे, जिसपर एक महिला अधिकारी नंगे पैर बाहर आ गई थीं। महिला अधिकारी की शिकायत पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है।
NSUI जिला अध्यक्ष के खिलाफ भी FIR
रायपुर के NSUI जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी के खिलाफ भी पुलिस ने FIR दर्ज की है। उन पर एक एजुकेशनल संस्था में तोड़फोड़ और गाली-गलौज करने का आरोप है। संस्था के निदेशक ने पुलिस को बताया कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी मिली। पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोपों के आधार पर मामला दर्ज किया है। हालांकि, NSUI नेता ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है।
नकली डिग्री देने वाली संस्था के खिलाफ प्रदर्शन
19 सितंबर को NSUI के कार्यकर्ता गजानन एजुकेशन कोचिंग इंस्टीट्यूट पहुंचे थे। NSUI का आरोप था कि यह संस्था गलत तरीके से पैसे लेकर नकली डिग्रियां जारी करती है। उन्होंने प्रशासन से इस संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।










