Ambikapur News : छत्तीसगढ़ में बिजली बिलों की बढ़ती दर, बार-बार की जा रही बिजली कटौती और भाजपा सरकार द्वारा पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की सब्सिडी योजना में कटौती को लेकर युवा कांग्रेस ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश युवा कांग्रेस के आह्वान पर सरगुजा युवा कांग्रेस ने सोमवार को अंबिकापुर स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की और बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार ने आम जनता को राहत देने के लिए 400 यूनिट तक के बिजली बिल पर 50 प्रतिशत की छूट लागू की थी, जिससे लाखों गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार लाभान्वित हुए थे। लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने इस छूट को घटाकर मात्र 100 यूनिट तक सीमित कर दिया है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। साथ ही, बिजली दरों में लगातार वृद्धि और अनियमित बिजली आपूर्ति ने लोगों की परेशानी दोगुनी कर दी है।


सरगुजा जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकल झा ने कहा कि “बिजली चोर गद्दी छोड़” के नारे के साथ युवा कांग्रेस ने प्रदेश स्तरीय आंदोलन की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि चरणबद्ध तरीके से यह विरोध आगे बढ़ेगा और आने वाले समय में विधायक, मंत्री और यहां तक कि मुख्यमंत्री आवास का भी घेराव किया जाएगा।
प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव विष्णु सिंह देव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा, “भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों ने आम आदमी का जीना दूभर कर दिया है। जनता को राहत देने की बजाय उन पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। जब तक सब्सिडी बहाल नहीं होती और बिजली दरों में की गई अनुचित वृद्धि पर रोक नहीं लगती, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”
आरटीआई चेयरमैन हिमांशु जायसवाल ने भी सरकार से बिजली सब्सिडी को पूर्ववत बहाल करने और बिलों में अनावश्यक बढ़ोतरी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। प्रमुख रूप से रजनीश सिंह, नीतीश चौरसिया, सतीश बारी, शिवराज सिंह, विकास केशरी, अविनेंद्र सिप्पू, आकाश अग्रहरि, हिमांशु अग्रवाल, सुरेंद्र गुप्ता, गौतम गुप्ता, आकाश यादव, योगेश दुबे, रजत दुबे, संजर नवाज़, लोलर सिंह, वैभव, अभिषेक गुप्ता, अभिनव काशी, आकाश यादव, साहिल अली, रोहन साहू, आयुष सोनी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जोरदार नारेबाजी और बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर युवा कांग्रेस ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जनहित में कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा।











