Surajpur News : नशे के कारोबार पर नकेल कसने पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में प्रतापपुर पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 मोटरसाइकिल में नशीली इंजेक्शन की खेप लेकर घूम रहे 3 युवकों को धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपये मूल्य के 180 नग प्रतिबंधित इंजेक्शन, 3 मोबाइल फोन और 2 मोटरसाइकिल जप्त किए गए हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



जानकारी अनुसार, 22 सितंबर को थाना प्रतापपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 3 युवक 2 मोटरसाइकिल में सवार होकर पोड़ी चौक क्षेत्र में नशीली इंजेक्शन बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और 3 संदिग्धों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों में संतोष पाल उर्फ बिल्ला, पिता स्व. नन्दूपाल, 22 वर्ष, निवासी ग्राम कृष्णनगर (धमनी), थाना त्रिकुण्डा, जिला बलरामपुर, बबलू राजवाड़े, पिता टेमसाय, 19 वर्ष, निवासी ग्राम करौंदा बस्ती जरही, थाना भटगांव और अनिल सिंह, पिता स्व. रामाशंकर सिंह, 19 वर्ष, निवासी ग्राम करौंदा है। जांच के दौरान इनके कब्जे से एविल इंजेक्शन 90 नग और रेक्सोजेसिक इंजेक्शन 90 नग, कुल 180 नग नशीली इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनकी बाजारू कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमित कौशिक के साथ एएसआई बजरंगी लाल चौहान, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौबे, आरक्षक राजकुमार पासवान, रामदयाल राठिया, अपील चौधरी और सत्य नारायण सिंह की अहम भूमिका रही। डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि नशे का कारोबार समाज के लिए गंभीर खतरा है और जिले में इस पर रोक लगाने पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी।











