Ambikapur Youth Festival 2026: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने के लिए 27 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय युवा उत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शासकीय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, अंबिकापुर में होगा। इसमें जिले के युवा लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा और विकसित भारत चैलेंज ट्रैक सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

15 से 29 वर्ष के युवाओं को मिलेगा मौका
युवा उत्सव में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, संगतकारों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 के आधार पर होगी। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक विधा में हिस्सा ले सकेगा। विजेताओं का चयन कम से कम तीन विषय विशेषज्ञों की निर्णायक समिति करेगी।

विकसित भारत चैलेंज में पांच मिनट का प्रस्तुतीकरण
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के लिए प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन क्विज में शामिल होना होगा। चयनित युवा निबंध लेखन और प्रस्तुतीकरण के अगले चरण में पहुंचेंगे। जिला स्तर पर शीर्ष 50 निबंधों का चयन पीपीटी राउंड के लिए किया जाएगा। प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए अधिकतम पांच मिनट मिलेंगे। इस प्रतियोगिता का विषय ‘जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधन एवं समावेशी विकास’ रखा गया है।
लोक नृत्य और लोकगीत के लिए तय नियम
लोक नृत्य और लोकगीत प्रतियोगिताओं में प्रत्येक दल में सात सदस्य और अधिकतम तीन संगतकार शामिल हो सकेंगे। प्रस्तुति के लिए पांच से आठ मिनट तथा मंच व्यवस्था के लिए अतिरिक्त तीन मिनट दिए जाएंगे। लोक नृत्य में टेप रिकॉर्डेड संगीत की अनुमति नहीं होगी। लोकगीत भारतीय क्षेत्रीय भाषा में प्रस्तुत किया जा सकता है, लेकिन फिल्मी गीत मान्य नहीं होंगे। इन दोनों विधाओं के शीर्ष दो दल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
चित्रकला, कविता और नुक्कड़ नाटक की शर्तें
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को निर्धारित विषय पर ए-3 आकार के पोस्टर पर मौलिक चित्र बनाना होगा। इसके लिए अधिकतम छह घंटे निर्धारित किए गए हैं। कविता लेखन हिंदी, अंग्रेजी या भारतीय क्षेत्रीय भाषा में किया जा सकेगा, जिसके लिए 90 मिनट मिलेंगे। रचनाओं में हिंसा, अपराध, आपत्तिजनक सामग्री या जाति, धर्म और नस्ल के आधार पर भेदभाव स्वीकार नहीं होगा।

नुक्कड़ नाटक दल में अधिकतम 10 सदस्य शामिल हो सकेंगे। प्रस्तुति के लिए सात मिनट और मंच व्यवस्था के लिए तीन अतिरिक्त मिनट मिलेंगे। प्रतिभागियों को अपनी वेशभूषा और आवश्यक सामग्री स्वयं लानी होगी। पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पोशाकों का प्रदर्शन किया जाएगा।
क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज में दिखानी होगी रचनात्मकता
क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज का विषय ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित छत्तीसगढ़’ है। इसमें अधिकतम 60 सेकंड की मौलिक रील बनानी होगी। प्रतिभागियों को अपने व्यक्तिगत इंस्टाग्राम अकाउंट से रील पोस्ट करके जिले के कलेक्टरेट के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को टैग करना होगा। पोस्ट में #Cg_Youth_Fest2026 और #NashaMuktChhattisgarh हैशटैग अनिवार्य होंगे। मूल्यांकन में रचनात्मकता, संदेश, प्रस्तुति और सोशल मीडिया सहभागिता देखी जाएगी। फर्जी या बॉट से बढ़ाए गए लाइक्स मिलने पर प्रविष्टि रद्द हो सकती है।
राज्य और राष्ट्रीय युवा उत्सव में मिलेगा प्रतिनिधित्व
रॉकबैंड प्रतियोगिता जिला स्तर पर आयोजित नहीं होगी। इसका आयोजन केवल राज्य स्तर पर किया जाएगा, जहां अधिकतम 10 सदस्यों वाले दल को 20 मिनट की प्रस्तुति का अवसर मिलेगा। सभी वाद्ययंत्र प्रतिभागियों को स्वयं लाने होंगे।
जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में सरगुजा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तरीय आयोजन एक से सात दिसंबर 2026 तक बिलासपुर में और राष्ट्रीय युवा उत्सव 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा।
Read More : Raipur Accident : रायपुर के VIP चौक पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत

