Ramlila Maidan Rally Live: किसी चुनाव को अवैध घोषित नहीं कर सकते: संबित पात्रा
संबित पात्रा बोले, ‘राहुल गांधी ने कहा कि 2024 का चुनाव अवैध था. 2024 के चुनाव के समय तो ज्ञानेश कुमार वहां थे ही नहीं. वे 2025 में चुनाव आयुक्त बने. अगर 2024 का चुनाव अवैध था, तो राहुल गांधी भी अवैध नेता प्रतिपक्ष हैं और उनके सभी सांसद भी अवैध हैं. अगर कोई चुनाव अवैध है तो उसे कोर्ट में चुनौती दें. राहुल गांधी, कांग्रेस या INDIA गठबंधन की किसी भी पार्टी द्वारा 2024 के चुनाव को चुनौती देने वाली कोई एक भी याचिका मुझे दिखाएं. आप ढाई साल बाद रामलीला मैदान में खड़े होकर किसी चुनाव को अवैध घोषित नहीं कर सकते.’
Ramlila Maidan Rally Live: प्रधानमंत्री पसीने से बनता है: बीजेपी
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा, ‘वे 10 लाख लोग कहां थे? हमें दिखाएं. इस तरह के हथकंडों से कोई नेता या प्रधानमंत्री नहीं बन जाता. PM का मतलब सिर्फ ‘प्राइम मिनिस्टर’ नहीं है. यहां P का मतलब ‘पसीना’ है और M का मतलब ‘मेहनत’ है. एक प्रधानमंत्री पसीने और मेहनत से बनता है. इतने सारे दलों और झंडों को एक साथ लाने के बावजूद वे 10 लाख लोगों को इकट्ठा नहीं कर पाए.’

Ramlila Maidan Rally Live: इंडिया गठबंधन का फ्लॉप शो: संबित पात्रा
रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली पर बीजेपी ने निशाना साधा. बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ‘राहुल गांधी के राइट हैंड ने दावा किया कि रैली में 10 लाख लोग पहुंचे थे, जबकि रामलीला मैदान का बड़ा हिस्सा खाली था. वहां सिर्फ 28 हजार कुर्सियां लगी थी. ये इंडिया गठबंधन का फ्लॉप शो था.’

Ramlila Maidan Rally Live: बिहार-बंगाल के चुनाव फर्जी थे: तेजस्वी यादव
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, ‘बिहार और बंगाल में जो चुनाव हुए हैं, वे फर्जी चुनाव थे. MLC के चुनाव बैलेट पर हो रहे हैं तो वहां इनका भांडा फूट रहा है. देश की जनता चाहती है कि इनको सबक सिखाया जाए. ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए.’
Ramlila Maidan Rally Live: लाखों की तादाद में लोग पहुंचे: देवेंद्र यादव
दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, ‘लाखों की तादाद में लोग यहां आए थे. सुबह 9 बजे से ही लोग अपनी सीटों पर बैठ गए थे… ज्ञानेश कुमार को जाना पड़ेगा… यहां रैली से लोगों के कारोबार में निश्चित फायदा होगा. राहुल गांधी ने स्वयं यह बात कही है कि यहां जो भी आए हैं वे कुछ न कुछ यहां से खरीदें… लोग जिस तादाद में यहां आए हैं तो उससे पता चलता है कि लोग खुश हैं.’

Ramlila Maidan Rally Live: नरेंद्र मोदी कहीं जा ही नहीं सकते: राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे हैं. मैं आपसे इसके उलट कह रहा हूं कि नरेंद्र मोदी कहीं जा ही नहीं सकते. अगर वह जाना भी चाहें तो हम उन्हें जाने नहीं देंगे. ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके ठीक सामने खड़े होंगे. उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.’
Ramlila Maidan Rally Live: ज्ञानेश कुमार को हटाना है: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, ‘शिव की बारात में कोई भी शामिल हो सकता है. हर जीव इसमें शामिल हो सकता है. क्या किसी को इसमें हिस्सा लेने से रोका जा सकता है? नहीं. हम ऐसा ही भारत चाहते हैं. अगर कोई किसान कड़ी मेहनत करता है तो उसे उसका फल मिलना चाहिए. अगर कोई छात्र 18 घंटे पढ़ाई करता है तो उसे रोजगार मिलना चाहिए. हम ऐसा देश नहीं चाहते जो सिर्फ दो-तीन लोगों का हो… देश को वापस सही रास्ते पर लाने का पहला कदम ज्ञानेश कुमार को हटाना है. ज्ञानेश कुमार को जाना होगा.’
Ramlila Maidan Rally Live: 2024 का चुनाव गैर-कानूनी था: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, ‘2024 के चुनावों के बाद मतदाता सूची से 13.5 करोड़ मतदाताओं के नाम हटा दिए गए. 2024 के चुनावों के बाद हर सात में से एक मतदाता का नाम हटा दिया गया. 2024 के चुनावों के बाद भारत के 15% मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए. 2024 में NDA और हमारे बीच 3 फीसदी का अंतर था और उसके बाद मतदाता सूची से 15 फीसदी मतदाताओं के नाम हटा दिए गए. इसका मतलब है कि 2024 का चुनाव गैर-कानूनी था.’
Ramlila Maidan Rally Live: ज्ञानेश कुमार के बिना मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनते: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, ‘हमें दो-तीन लोगों का देश नहीं चाहिए. देश का संविधान सबसे बड़ा है. ज्ञानेश कुमार के बिना मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनते.’ उन्होंने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही. उन्होंने कहा, अमित शाह ने कहा था कि मोदी कहीं नहीं जा रहे. मैं कहना चाहता हूं कि मोदी कहीं नहीं जा सकते, वो जाना भी चाहें तो हम जाने नहीं देंगे.’
Ramlila Maidan Rally Live: ज्ञानेश कुमार को जेल जाना होगा: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा, ‘ईवीएम, वोटर लिस्ट के जरिए वोट चोरी हुई है. वोटर लिस्ट ने युवाओं के नाम काटे गए. 2024 का चुनाव अवैध था. ये मैं नहीं कह रहा हूं बल्कि देश का चुनाव आयोग ये कह रहा है क्योंकि 13 करोड़ लोगों का नाम वोटर लिस्ट से हटाया गया. ये साधारण चोरी नहीं है, देशद्रोही है. ज्ञानेश कुमार को इस देश के भीतर जेल जाना होगा.’
Ramlila Maidan Rally Live: सालों से इस देश में वोट चोरी हो रही: राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘यहां आप लोग एक साथ चलकर आए आप लोगों का धन्यवाद करता हूं. ज्ञानेश कुमार को, पीएम मोदी को अमित शाह को मैसेज भेजना था आपने वो मैसेज भेजा है. ये हिंदुस्तान के किसानों की, युवाओं की, मजदूरों की आवाज है कि हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे. आप जो भी संविधान से बड़े नहीं हो. संविधान आपसे बड़ा है. सालों से इस देश में वोट चोरी हो रही है.’
Ramlila Maidan Rally Live: इनसे मत डरिए, ये जाएंगे: फारूक अब्दुल्ला
फारूक अब्दुल्ला ने कहा, ‘मुसलमानों को हर वक्त ये लोग उंगली उठाते है और कहते है की ये पाकिस्तानी हैं. मैं BJP और RSS के लोगो से कहता हूं कि हम इसी वतन में रहेंगे. हमने पहले भी इस वतन के लिए खून दिया है और आगे भी इसी वतन के लिए खून देते रहेंगे.’ केंद्र पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘इनसे मत डरिए, ये जाएंगे.’
Ramlila Maidan Rally Live: हम हारे नहीं हमें हराया गया: ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कहा, ‘हम हारे नहीं हमें हराया गया. बंगाल में हमको हराया गया. उन्होंने ईवीएम लूटा, वोट लूटा, संविधान लूटा.’
Ramlila Maidan Rally Live: ‘हम छोड़ेंगे नहीं, हम लड़ेंगे’: ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कहा, ‘मैं ये कहना चाहती हूं कि हम छोड़ेंगे नहीं, हम लड़ेंगे. हम लोकतंत्र का बचाएंगे. बंगाल एसआईआर की पीड़ित है. ज्ञानेश कुमार ने मतगणना भी हाईजैक किया. हम लोकतंत्र को बचाएंगे.’
Ramlila Maidan Rally Live: बीजेपी हमेशा-हमेशा के लिए जाने वाली है: अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा, ‘परिवर्तन कभी भी आ सकता है. हमने इनकी वोट चोरी पकड़ी है. चुनाव आयोग हमारी बात नहीं सुनता है. बीजेपी हमेशा-हमेशा के लिए जाने वाली है. उत्तर प्रदेश बीजेपी की विदाई तय करेगा.’
अखिलेश यादव का योगी आदित्यनाथ पर निशाना
सपा चीफ अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन की रैली में कहा, ‘आज जब जनसभा रामलीला मैदान में होने जा रही थी, तभी यूपी में कहा गया कि एक करोड़ 27 लाख हिंदू भाईयों के वोट काट दिए गए.रामलीला मैदान के मंच से सपा चीफ अखिलेश यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री के अंगद के पैर वाले बयान पर भी जवाब दिया.उन्होंने कहा, ‘कोई कह रहा था कि यूपी अंगद का पैर है. हम जानते हैं कि जमीन ही नहीं बची तो पैर कहां रखोगे. परिवर्तन होकर रहेगा.’ उन्होंने कहा, ‘रामलीला मैदान लोकतंत्र की हल्दी घाटी बना. 2027 में इनकी ऐसी विदाई होगी कि फिर लौट नहीं पाएंगे.’
ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा चले: तेजस्वी यादव
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, ‘ज्ञानू तो पीएम मोदी का नमूना है. ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए. आज का शकुनी और उसका पासा कौन है? शकुनी की वजह से कुरुक्षेत्र बनाना पड़ा था. संवैधानिक संस्थाएं न्याय नहीं कर रही हैं.’
खरगे ने संबोधित की रैली, केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रैली को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ईडी, सीबीआई और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और दबाव बनाने के लिए करती है, लेकिन विपक्ष झुकने वाला नहीं है। खरगे ने चुनाव आयोग के प्रमुख ज्ञानेश कुमार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि जब तक उन्हें पद से नहीं हटाया जाता, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार और अमित शाह उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि विपक्ष लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है। खरगे ने आरोप लगाया कि मौजूदा केंद्र और कई राज्यों की सरकारें जनता की वास्तविक पसंद का प्रतिनिधित्व नहीं करतीं और मतदाताओं के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने समर्थकों से भ्रष्टाचार और कथित लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
विपक्षी दल पहुंचा रामलीला मैदान
रामलीला मैदान में आयोजित विपक्षी गठबंधन की रैली के लिए नेताओं का काफिला पहुंचना शुरू हो गया। मंच पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख विपक्षी नेता मौजूद हैं।
मंच से तेजस्वी ने साधा निशाना
रामलीला मैदान के मंच से संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने महाभारत का उदाहरण देकर मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महाभारत की शुरुआत रणभूमि से नहीं, बल्कि जुए के खेल से हुई थी, जहां शकुनि का पासा हमेशा उसकी इच्छा के अनुसार चलता था और निष्पक्षता के लिए कोई जगह नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी कुछ लोग उसी तरह का खेल खेल रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और समान अवसर प्रभावित हो रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि ऐसे हालात में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करना जरूरी है। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग के अधिकारी ज्ञानेश कुमार पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान के साथ कथित छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की हिम्मत न कर सके।
Congress Delhi Chalo March Live: ज्ञानेश कुमार को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए: शशि थरूर
इंडिया ब्लॉक की मेगा रैली में हिस्सा लेते हुए, कांग्रेस MP शशि थरूर ने कहा, “…ऐसा लगता है कि लोगों की आवाज़ उठ गई है, और अब ज्ञानेश कुमार के लिए लोगों की आवाज़ सुनने का समय आ गया है। अगर उनमें ज़रा भी समझदारी है, तो उन्हें देखना चाहिए कि लोगों का उन पर से भरोसा उठ गया है और उन्हें इस्तीफ़ा दे देना चाहिए।”
Delhi INDIA Alliance Rally : दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार, 1 नवंबर को विपक्षी INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली और मार्च के दौरान नया राजनीतिक विवाद सामने आया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कनॉट प्लेस की बंद दुकानों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि रैली में शामिल होने आ रहे लोगों से स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने की अपील की गई थी, लेकिन कनॉट प्लेस पहुंचने पर उन्हें दुकानें बंद मिलीं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दुकानों को जबरन बंद कराया गया है।
वीडियो जारी कर राहुल गांधी ने क्या कहा?
रैली और मार्च के दौरान कनॉट प्लेस पहुंचे राहुल गांधी ने वीडियो संदेश में कहा कि उन्होंने देशभर से दिल्ली आ रहे लोगों से प्रदर्शन और महारैली में शामिल होने के साथ स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने की अपील की थी। उनका कहना था कि इससे त्योहारों के मौसम में छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को आर्थिक लाभ मिल सकता था।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि कनॉट प्लेस में सभी दुकानें जबरन बंद कराई गई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर व्यापारियों का नुकसान कौन कर रहा है और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। हालांकि, दुकानों को बंद कराने में BJP की भूमिका होने का उनका दावा एक राजनीतिक आरोप है।
रैली से पहले भी व्यापारियों के समर्थन में की थी अपील
इससे पहले शनिवार देर रात राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर रैली में शामिल होने दिल्ली आ रहे लोगों से स्थानीय व्यापारियों का सहयोग करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोग प्रदर्शन और मार्च में भाग लेने के साथ थोड़ी खरीदारी भी करें, ताकि छोटे दुकानदारों को फायदा मिल सके।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में दीपावली, छठ और भाई दूज जैसे त्योहारों का जिक्र करते हुए कहा था कि यह व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि BJP रैली को लेकर कारोबारियों के बीच नुकसान की आशंका से जुड़ी अफवाहें फैला रही है।
व्यापारियों ने भी जताई थी कारोबार प्रभावित होने की आशंका
रैली को लेकर दिल्ली के व्यापारिक संगठनों ने पहले ही चिंता जताई थी। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर रैली की तारीख आगे बढ़ाने या आयोजन स्थल बदलने का अनुरोध किया था। संगठन का कहना था कि बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने, यातायात प्रतिबंधों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से त्योहारों के दौरान कारोबार पर असर पड़ सकता है।
रविवार को CTI ने दावा किया कि रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाली करीब तीन लाख दुकानों में से लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रह सकती हैं। संगठन ने यह भी कहा कि भीड़ और यातायात संबंधी आशंकाओं के कारण व्यापारियों ने दुकानें नहीं खोलने का फैसला किया है। इस तरह दुकानों के बंद रहने को लेकर राहुल गांधी के आरोप और व्यापारियों की चिंताएं चर्चा का विषय बन गईं।
CEC ज्ञानेश कुमार और SIR के मुद्दे पर विपक्ष की महारैली
रामलीला मैदान में आयोजित इस महारैली का मुख्य मुद्दा मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताएं हैं। विपक्षी दलों ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। INDIA गठबंधन का कहना है कि मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। ये आरोप विपक्ष की ओर से लगाए गए हैं।
मार्च में कई विपक्षी दलों के नेता हुए शामिल
इस मार्च और महारैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के कई प्रमुख नेता शामिल हुए। आयोजन में विभिन्न विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी हिस्सा लिया। आयोजकों ने बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का दावा किया।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिल्ली में इंतजाम
महारैली और मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। समाचार रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती के साथ निगरानी के लिए CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया गया। मार्च के मार्ग पर यातायात नियंत्रण और वाहनों के लिए डायवर्जन की व्यवस्था भी की गई।
कनॉट प्लेस में दुकानों के बंद रहने को लेकर राहुल गांधी के आरोप के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर कांग्रेस ने इसे व्यापारियों के हितों से जोड़ते हुए BJP पर सवाल उठाए हैं, वहीं दूसरी ओर व्यापारिक संगठनों ने भीड़, यातायात और बाजारों तक ग्राहकों की पहुंच प्रभावित होने की आशंका जताई है। अब इस विवाद के केंद्र में यही सवाल है कि त्योहारों के अहम कारोबारी समय में बाजार बंद रहने की वजह क्या रही और इसका व्यापारियों पर कितना असर पड़ा।


