Raipur Food Safety Raid : त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों पर रायपुर में खाद्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मिठाई दुकानों से लेकर ब्रेड बनाने वाली फैक्ट्री तक निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई में गंभीर लापरवाही सामने आई। कहीं मिठाई बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दूध में कीड़े मिले, तो कहीं ब्रेड फैक्ट्री के अंदर चूहे घूमते दिखाई दिए। विभाग ने बड़ी मात्रा में मिठाई और ब्रेड नष्ट कराई, जबकि तीन प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए।
स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर चलाया गया विशेष जांच अभियान
खाद्य एवं औषधि प्रशासन का यह अभियान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया के निर्देश पर शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को चलाया गया। नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने बिरगांव, समता कॉलोनी, रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास और कमल विहार स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच में खाद्य सामग्री के निर्माण, भंडारण और स्वच्छता से जुड़े नियमों का उल्लंघन सामने आया।

खत्री स्वीट्स में दूध के अंदर मिले कीड़े
बिरगांव स्थित खत्री स्वीट्स में निरीक्षण के दौरान मिठाई बनाने वाले स्थान पर गंदगी मिली। जांच टीम को मिठाई निर्माण में इस्तेमाल हो रहे दूध में कीड़े तैरते दिखाई दिए। इसके अलावा काजू और अन्य मिठाइयों की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई। विभाग ने काजू, बूंदी, शक्कर और मिल्क केक के नमूने जांच के लिए एकत्र किए। मौके पर करीब 80 लीटर दूध, 3 किलो केक और 20 किलो चमचम सहित अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

ब्रेड फैक्ट्री में चूहे मिलने पर 80 किलो ब्रेड नष्ट
समता कॉलोनी स्थित लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स यानी ब्रेड बास्केट में भी स्वच्छता की गंभीर कमी पाई गई। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में कई चूहे घूमते नजर आए। स्टोर रूम में भी गंदगी मिली। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने के कारण विभाग ने करीब 80 किलोग्राम अलग-अलग प्रकार की ब्रेड नष्ट कराई। साथ ही प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।
अग्रवाल मिठाई वाला में 165 किलो से अधिक मिठाई नष्ट
रामकृष्ण हॉस्पिटल के पास स्थित अग्रवाल मिठाई वाला के निर्माण स्थल पर भी साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। टीम ने यहां से बेसन, लड्डू और घी के नमूने लिए। इसके अलावा 100 किलो बालूशाही, 25 किलो रसगुल्ला, 10 किलो काजू खोवा, 5 किलो दूध खोवा और 25 किलो खोवा-काजू मिक्स नष्ट कराया गया। चाट मसाला के चार पैकेट भी नष्ट किए गए।

बिना लाइसेंस चल रही कृष्णा स्वीट्स से हजारों किलो मिठाई जब्त
कमल विहार स्थित कृष्णा स्वीट्स की जांच में प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित पाया गया। यहां पैक्ड मिठाइयों की बिक्री और ट्रेडिंग की जा रही थी। टीम ने कुन्दा और मैसूर पाक के नमूने लिए। इसके अलावा 720 किलो डिलिशियस स्वीट्स, 112 किलो मैसूर पाक और 3,960 किलो कुन्दा जब्त किया गया।
जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं किया जाएगा। जिन तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, उन्हें निर्धारित स्वच्छता मानक पूरे करने तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के लिए लिए गए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ विभाग ने मिलावट और गंदगी के खिलाफ निगरानी तेज कर दी है।


