Raipur Fire Accident : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित गजराज पाइप फैक्ट्री में बीती रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज हैं कि कई घंटों से दमकल विभाग की टीमें इसे बुझाने में जुटी हुई हैं। करीब चार से पांच घंटे की लगातार कोशिशों के बावजूद आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम और निजी प्लांटों की दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया है। आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए हैं। राहत और बचाव कार्य में SDRF की टीम भी जुटी हुई है।
आग ने कुछ ही देर में लिया विकराल रूप
जानकारी के मुताबिक, भनपुरी स्थित गजराज पाइप फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। इस फैक्ट्री में प्लास्टिक पाइप और पानी की टंकियों का निर्माण किया जाता है। आग लगने के बाद कुछ ही समय में लपटों ने विकराल रूप ले लिया। धुएं और आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग को दी गई। इसके बाद नगर निगम और निजी प्लांटों की दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

12 से 15 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं
आग पर काबू पाने के लिए करीब 12 से 15 दमकल गाड़ियों को लगाया गया है। जरूरत को देखते हुए आसपास के जिलों से अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाए गए। रायपुर एयरपोर्ट से भी दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। इसके साथ ही SDRF की टीम घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग कर रही है। जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

कलेक्टर और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। SDRF के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। आग की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आसपास की फैक्ट्रियों को सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया है। SDRF अधिकारियों के मुताबिक, आग की लपटें पड़ोसी औद्योगिक इकाइयों तक न पहुंचें, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती आग को फैलने से रोकना और उस पर पूरी तरह नियंत्रण पाना है।
फैक्ट्री में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका
इस अग्निकांड में फैक्ट्री के भीतर रखे सामान और मशीनरी को नुकसान पहुंचने की आशंका है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, नुकसान लाखों रुपये तक हो सकता है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद ही किया जा सकेगा। फिलहाल दमकलकर्मियों का पूरा ध्यान आग पर नियंत्रण पाने और आसपास की औद्योगिक इकाइयों को सुरक्षित रखने पर है।

एक सप्ताह से बंद थी फैक्ट्री, आग की वजह स्पष्ट नहीं
बताया गया है कि माहेश्वरी मार्केटिंग नाम की इस फैक्ट्री में गजराज ब्रांड के प्लास्टिक पाइप और छत पर रखी जाने वाली प्लास्टिक पानी की टंकियां बनाई जाती हैं। त्योहार के कारण फैक्ट्री पिछले करीब एक सप्ताह से बंद थी। फैक्ट्री मालिक केदारनाथ माहेश्वरी भी परिवार के साथ रायपुर से बाहर गए हुए हैं। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण की आशंका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
खमतराई थाना क्षेत्र में जारी है राहत और बचाव अभियान
भनपुरी की यह फैक्ट्री खमतराई थाना क्षेत्र में आती है। दमकल विभाग, SDRF, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं। कई घंटों से आग बुझाने का प्रयास जारी है। अब प्रशासन के सामने आग पर जल्द से जल्द पूरी तरह काबू पाने और नुकसान का आकलन करने की चुनौती है। आग लगने के कारणों का पता भी जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
Read More : Ambikapur News: अंबिकापुर में करंट लगाकर हथिनी की हत्या, साक्ष्य मिटाने डैम में फेंका बिजली का तार

