Kulgam Encounter : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को आतंकवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। दक्षिण कश्मीर के लारू इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के दो आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में लश्कर का कमांडर लतीफ भट भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। कुलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद से ही सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी और घेराबंदी अभियान तेज कर दिया था।
लारू इलाके में आतंकियों के खिलाफ संयुक्त अभियान
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को लारू क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी से जुड़े अहम इनपुट मिले थे। इसके बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान शुरू किया। इलाके की घेराबंदी के दौरान आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में दो आतंकियों को मार गिराया गया। इनमें लश्कर कमांडर लतीफ भट का नाम भी सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई है और अभियान से जुड़ी कार्रवाई जारी है।

11 नवंबर को CRPF की नाका पार्टी पर हुआ था हमला
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में आतंकियों ने CRPF की नाका पार्टी को निशाना बनाया था। दोपहर करीब 2:15 बजे आतंकियों ने जवानों पर अचानक गोलीबारी कर दी थी। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर घने पेड़ों और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे।

हमले के बाद सुरक्षाबलों ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। जांच के दौरान घायल जवानों को लश्कर आतंकी मोहम्मद लतीफ भट की तस्वीर दिखाई गई थी। बताया गया कि जवानों ने उसकी पहचान हमलावरों में से एक के रूप में की थी।
लतीफ भट को लेकर पुलिस ने किया था बड़ा खुलासा
पुलिस के अनुसार, लतीफ भट कुलगाम का रहने वाला था और घाटी में सक्रिय स्थानीय आतंकियों में शामिल था। उस पर दक्षिण कश्मीर में पहले भी कई आतंकी हमलों में शामिल होने का आरोप था। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं। अब मुठभेड़ में उसके मारे जाने को सुरक्षाबलों की महत्वपूर्ण कामयाबी माना जा रहा है।

ऑपरेशन जारी रहेगा, स्थिति नियंत्रण में: CRPF स्पेशल DG
सीआरपीएफ के जम्मू-कश्मीर जोन के स्पेशल डीजी संदीप खिरवार ने बताया कि सुरक्षाबलों ने इलाके में ऑपरेशन शुरू कर दिया है। उन्हें कुछ महत्वपूर्ण सुराग और जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षाबलों का अभियान जारी रहेगा। खिरवार ने उम्मीद जताई कि उपलब्ध जानकारी के आधार पर ऑपरेशन को उसके तार्किक अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
जवानों को SOP का पालन करने और सतर्क रहने के निर्देश
स्पेशल डीजी संदीप खिरवार ने अभियान में शामिल जवानों को ऑपरेशनल अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी सुरक्षाकर्मियों से मानक संचालन प्रक्रिया यानी SOP का पूरी तरह पालन करने और हर परिस्थिति में सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकवाद विरोधी अभियान में सावधानी और आपसी समन्वय बेहद जरूरी है।
घायल CRPF जवानों की हालत में सुधार
कुलगाम हमले में घायल हुए तीनों जवानों की सेहत को लेकर भी सीआरपीएफ के स्पेशल डीजी ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी जवानों की हालत बेहतर है और वे अच्छा कर रहे हैं। खिरवार ने मेडिकल अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने घायल जवानों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। सुरक्षाबलों का कहना है कि इलाके में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

