UP Draft Voter List 2026 : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) की प्रक्रिया के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी। नए आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में पिछली अंतिम मतदाता सूची की तुलना में 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है।
यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 18.84 लाख मतदाता बढ़े
मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता दर्ज थे। वहीं 17 नवंबर 2026 को जारी नई ड्राफ्ट सूची में यह संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 पहुंच गई है। इस तरह प्रदेश की मतदाता सूची में कुल 18,84,113 मतदाताओं का इजाफा हुआ है। इसमें पुरुष, महिला और थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

पुरुषों से ज्यादा बढ़ी महिला मतदाताओं की संख्या
नई मतदाता सूची की सबसे खास बात यह है कि पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। 10 अप्रैल की अंतिम सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 थी, जो अब बढ़कर 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 हो गई है। यानी पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7 लाख 87 हजार 449 की वृद्धि हुई है।वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 से बढ़कर 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 हो गई है। इस प्रकार महिला मतदाताओं की संख्या में 10 लाख 96 हजार 828 का इजाफा दर्ज किया गया है। यानी पुरुषों की तुलना में करीब 3 लाख 9 हजार अधिक महिला मतदाता सूची में जुड़ी हैं। इसके अलावा ड्राफ्ट सूची में 4,042 थर्ड जेंडर मतदाताओं को भी जगह मिली है।

18 से 19 साल के युवा वोटरों की संख्या क्यों घटी?
ड्राफ्ट मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या में कमी भी सामने आई है। अप्रैल 2026 की अंतिम सूची में इस आयु वर्ग के 17 लाख 63 हजार 360 मतदाता थे, जबकि नई सूची में इनकी संख्या घटकर 11 लाख 83 हजार 352 रह गई है। यानी 5 लाख 80 हजार 8 मतदाताओं की कमी दर्ज हुई है।इस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि यह सामान्य तकनीकी प्रक्रिया है। दरअसल, जो युवा पहले 18 से 19 वर्ष की आयु वर्ग में थे और अब 20 वर्ष के हो चुके हैं, उन्हें स्वतः ही 20 वर्ष से अधिक आयु वाले सामान्य मतदाता वर्ग में शामिल कर दिया गया है। SSR अभियान के दौरान नए पात्र युवाओं का पंजीकरण होने से इस आयु वर्ग की संख्या में फिर वृद्धि हो सकती है।
16 दिसंबर तक मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं नाम
ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के साथ ही आम नागरिकों के लिए दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता अपना नाम जुड़वाने, हटवाने या व्यक्तिगत विवरण में सुधार कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार, प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

नाम जुड़वाने और सुधार के लिए कौन सा फॉर्म भरें?
निर्वाचन विभाग ने अलग-अलग कार्यों के लिए विभिन्न आवेदन फॉर्म निर्धारित किए हैं। नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। किसी अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने या गलत प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जाएगा।वहीं पता बदलवाने, नाम और उम्र में संशोधन, डुप्लीकेट EPIC कार्ड बनवाने तथा दिव्यांगता संबंधी चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 निर्धारित है। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6A का उपयोग किया जाएगा।
4 जनवरी 2027 को आएगी यूपी की फाइनल वोटर लिस्ट
उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम और विवरण जांचने के बाद नागरिक निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। ऐसे में आगामी चुनावों को देखते हुए पात्र मतदाताओं के लिए अपना नाम और अन्य जानकारियां समय रहते जांचना बेहद जरूरी है।
Read More : VSK App Attendance Report : छत्तीसगढ़ में VSK एप पर लापरवाही पड़ी भारी, 19 जिलों के DEO का वेतन रोका

