Ben Duckett Century : इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज बेन डकेट ने एक बार फिर अपनी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में शतकीय पारी खेली है। तीन मैचों की वनडे सीरीज के निर्णायक मुकाबले में डकेट ने अपनी बल्लेबाजी से इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उन्होंने 94 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और इसके बाद भी आक्रामक अंदाज में रन बनाना जारी रखा। यह उनके वनडे करियर का सातवां शतक है। खास बात यह है कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन अलग-अलग देशों में वनडे शतक लगाने का कारनामा किया है।
94 गेंदों में बेन डकेट ने पूरी की सेंचुरी
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे वनडे मैच में इंग्लैंड की ओर से टॉम बैंटन और बेन डकेट ने पारी की शुरुआत की। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को अच्छी शुरुआत देने की कोशिश की, लेकिन टॉम बैंटन 44 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए अनुभवी जो रूट भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। वह केवल 12 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान हैरी ब्रूक से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी 17 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।एक के बाद एक विकेट गिरने के बावजूद बेन डकेट ने दूसरे छोर पर मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने धैर्य और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाते हुए 94 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उनकी बल्लेबाजी ने इंग्लैंड की पारी को संभालने के साथ टीम को बड़े स्कोर की तरफ भी पहुंचाया।

115 गेंदों में 133 रन, लगाए 15 चौके और तीन छक्के
बेन डकेट ने शतक पूरा करने के बाद अपने बल्लेबाजी के अंदाज को और आक्रामक कर दिया। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाया और तेजी से रन बटोरे। हालांकि, बड़ी पारी को और आगे बढ़ाने की कोशिश में वह अपना विकेट गंवा बैठे।डकेट ने 115 गेंदों का सामना करते हुए 133 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी में 15 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनके आउट होने तक इंग्लैंड की टीम 250 से ज्यादा रन बना चुकी थी और एक बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन देशों में शतक लगाने का कारनामा
बेन डकेट की इस पारी की सबसे खास बात उनका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड है। वह ऑस्ट्रेलिया की धरती के अलावा इंग्लैंड और पाकिस्तान में भी कंगारू टीम के खिलाफ वनडे शतक लगा चुके हैं।उनके खाते में अब कुल सात वनडे शतक हो गए हैं। इनमें से तीन शतक उन्होंने पिछले पांच वनडे मुकाबलों में लगाए हैं। इससे साफ है कि डकेट इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं और लगातार बड़ी पारियां खेल रहे हैं।
इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला
तीन मैचों की इस वनडे सीरीज में तीसरे मुकाबले से पहले दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं। पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर सीरीज में बढ़त बनाई थी। इसके बाद दूसरे वनडे में इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए 135 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की।ऐसे में तीसरा मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस मैच को जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी। वनडे सीरीज के बाद दोनों देशों के बीच पांच मुकाबलों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज भी खेली जाएगी।


