Javed Akhtar on Ramayana : दिग्गज गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने भगवान राम के व्यक्तित्व और उनके आदर्शों की जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि भगवान राम केवल किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका महत्व हर भारतीय के जीवन से जुड़ा हुआ है। उनके मुताबिक, राम एक पूजनीय व्यक्तित्व होने के साथ-साथ नैतिकता, आदर्श और जीवन जीने की प्रेरणा भी हैं। मंगलवार को इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (IPRS) की म्यूजिक क्रिएटर रिपोर्ट लॉन्च के दौरान उन्होंने ये बातें कहीं। इस मौके पर उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी की आगामी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
जावेद अख्तर ने अभी तक नहीं देखी रणबीर कपूर की रामायण
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ को लेकर इन दिनों काफी चर्चा है। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म को लेकर जावेद अख्तर ने बताया कि उन्होंने इसके बारे में काफी अच्छी बातें सुनी हैं, लेकिन अभी तक खुद फिल्म नहीं देखी है।समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में उन्होंने बताया कि उनकी बेटी और फिल्ममेकर जोया अख्तर यह फिल्म देख चुकी हैं और उन्हें काफी पसंद आई है। जावेद ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जोया किसी चीज की तारीफ बहुत मुश्किल से करती हैं। यहां तक कि उन्होंने अपनी तारीफ भी उनसे कभी नहीं सुनी है।

रामायण के संगीत और गानों पर क्या बोले जावेद अख्तर?
बातचीत के दौरान जावेद अख्तर से उनके लिखे गानों और ‘रामायण’ के संगीत को लेकर भी सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि उनके गीतों के बोल सीधे लोगों के दिलों तक पहुंचते हैं, जबकि फिल्म के संगीत को लेकर वैसी प्रतिक्रिया क्यों नहीं दिखाई दे रही है।इस पर उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि इसकी वजह यह है कि वह एक अच्छे लेखक हैं। उन्होंने अपने लेखन की खासियत का जिक्र करते हुए कहा कि उनके लिखे शब्द लोगों के दिलों को छू जाते हैं। गौरतलब है कि फिल्म ‘स्वदेश’ का उनका लिखा लोकप्रिय गीत ‘पल पल है भारी’ आज भी दर्शकों के बीच पसंद किया जाता है। इस गीत में भगवान राम के आदर्शों को बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है।

‘राम हर भारतीय के खून में हैं’, भगवान राम पर कही बड़ी बात
81 वर्षीय जावेद अख्तर ने भगवान राम के महत्व पर अपनी बात रखते हुए कहा कि राम केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि आदर्श, नैतिकता और जीवन जीने के तरीके का प्रतीक हैं। उनके अनुसार, भगवान राम के व्यक्तित्व में ऐसी सुंदरता और नैतिकता है, जो हर इंसान के दिल को छू सकती है।उन्होंने कहा कि राम का सार हर भारतीय के खून में मौजूद है, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो। जावेद अख्तर ने यह भी स्पष्ट किया कि राम के व्यक्तित्व को केवल एक धार्मिक पहचान तक सीमित करके नहीं देखना चाहिए। उनका आदर्श इससे कहीं व्यापक है।
हिंदी फिल्मों में साहित्यिक कहानियां कम क्यों बनती हैं?
हिंदी सिनेमा में साहित्यिक रचनाओं पर आधारित फिल्मों की कमी को लेकर भी जावेद अख्तर ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माता अक्सर एक ही तरह के फॉर्मूले पर निर्भर रहते हैं। ‘देवदास’ और ‘साहब बीवी और गुलाम’ जैसी कुछ फिल्मों को छोड़ दें तो साहित्यिक कहानियों पर आधारित फिल्में अपेक्षाकृत कम बनी हैं।उन्होंने कहा कि हिंदी फिल्में देश के अलग-अलग राज्यों के दर्शकों को खुश करने की कोशिश करती हैं। अपनी किताब ‘टॉकिंग फिल्म्स’ का जिक्र करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि हिंदी सिनेमा ने अपनी अलग सांस्कृतिक पहचान बना ली है, जो आम भारतीयों की रोजमर्रा की जिंदगी से काफी अलग दिखाई देती है।


