Sonia Gandhi Book Controversy : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर राजनीतिक और कानूनी विवाद गहराता जा रहा है। किताब में स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के बारे में की गई टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए कानूनी नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस सावरकर के परपोते सात्यकी सावरकर की ओर से भेजा गया है। इसमें किताब के कुछ अंशों को आपत्तिजनक बताते हुए उन्हें हटाने और सुधारने की मांग की गई है।
उदित राज ने सावरकर को लेकर दिया विवादित बयान
इस मामले पर कांग्रेस नेता उदित राज ने प्रतिक्रिया देते हुए सावरकर के इतिहास और उनकी भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वास्तव में सावरकर का कोई इतिहास नहीं है। उदित राज के मुताबिक, असली इतिहास देश का बंटवारा, नफरत, कायरता, दया याचिकाएं दाखिल करने और अंग्रेजों के साथ मिलकर काम करने से जुड़ा है।कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि इस मामले में नोटिस भेजा गया है तो इसमें कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस चुनौती को स्वीकार करेगी। उदित राज की इस टिप्पणी के बाद सावरकर को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है।

सात्यकी सावरकर ने क्यों भेजा कानूनी नोटिस?
सात्यकी सावरकर की ओर से भेजे गए नोटिस में आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी की किताब के दो हिस्सों में सावरकर के बारे में गलत और ऐतिहासिक रूप से भ्रामक जानकारियां दी गई हैं। उनका दावा है कि इन टिप्पणियों से विनायक दामोदर सावरकर की प्रतिष्ठा और छवि को नुकसान पहुंचता है।नोटिस में सोनिया गांधी से 15 दिनों के भीतर बिना शर्त माफी मांगने, सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने और किताब के विवादित अंशों में जरूरी सुधार करने की मांग की गई है। इसके अलावा, नोटिस में किताब में किए गए दावों के समर्थन में तथ्य और सबूत पेश करने को भी कहा गया है।

किस वकील के जरिए भेजा गया नोटिस?
यह कानूनी नोटिस अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर के माध्यम से सात्यकी सावरकर की ओर से भेजा गया है। सात्यकी सावरकर, स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के परपोते हैं। वकील संग्राम कोल्हटकर के अनुसार, सोनिया गांधी की किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी गई बातों को लेकर आपत्ति जताई गई है।उनका कहना है कि इन दोनों हिस्सों में मौजूद दावे सावरकर की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले हैं। नोटिस के जरिए सोनिया गांधी से इन दावों का आधार बताने और उनके समर्थन में प्रमाण उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
किताब के पेज 201 पर किस टिप्पणी को लेकर आपत्ति?
विवाद की पहली प्रमुख वजह किताब के पेज नंबर 201 पर लिखा गया एक अंश है। इसमें स्वतंत्रता संग्राम के दौरान सावरकर की भूमिका का उल्लेख करते हुए उन पर ब्रिटिश औपनिवेशिक शासकों के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाया गया है।किताब में लिखे अंश के मुताबिक, जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी ब्रिटिश शासन के हाथों हमलों का सामना कर रहे थे और जेलों में बंद थे, उस समय सावरकर दया याचिकाएं लिख रहे थे। साथ ही, इसमें आरोप लगाया गया है कि उनके संगठन के सदस्य ब्रिटिश अधिकारियों के लिए मुखबिर के तौर पर काम कर रहे थे।

अब आगे क्या होगा?
फिलहाल इस विवाद में एक तरफ सात्यकी सावरकर ने कानूनी नोटिस भेजकर माफी और सुधार की मांग की है, वहीं कांग्रेस नेता उदित राज ने चुनौती स्वीकार करने की बात कही है। नोटिस में 15 दिनों की समयसीमा दी गई है। अब देखना होगा कि सोनिया गांधी की ओर से इस कानूनी नोटिस पर क्या प्रतिक्रिया आती है और विवाद आगे किस दिशा में बढ़ता है।
Read More : Bangladesh Sheikh Hasina News: वापसी के लिए तैयार नहीं बांग्लादेश, सरकार ने दी हथकड़ी लगाने की चेतावनी

