Post Pregnancy Weight Loss : प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं। इस दौरान वजन बढ़ना एक सामान्य समस्या हो सकती है। बच्चे के जन्म के बाद शरीर को पहले जैसी स्थिति में आने में समय लगता है। वहीं, नवजात शिशु की देखभाल, घर की जिम्मेदारियों और नींद की कमी के कारण महिलाओं के लिए अपनी फिटनेस पर ध्यान देना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में कई महिलाएं वजन कम करने के आसान तरीके तलाशती हैं।
फिटनेस इन्फ्लुएंसर पायल अग्रवाल ने बताया आसान तरीका
इसी बीच फिटनेस इन्फ्लुएंसर पायल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपना वर्कआउट रूटीन साझा किया है। उन्होंने बताया कि 40 की उम्र में भी खुद को फिट और एक्टिव रखने के लिए किस तरह एक्सरसाइज करती हैं। पायल के मुताबिक, फिट रहने के लिए घंटों जिम में बिताना या लंबे समय तक कार्डियो करना जरूरी नहीं है। घर पर भी हल्के डंबल की मदद से स्ट्रेंथ ट्रेनिंग शुरू की जा सकती है।

पहले दिन करें लोअर बॉडी की ये पांच एक्सरसाइज
पायल अग्रवाल के बताए रूटीन में पहले दिन शरीर के निचले हिस्से पर ध्यान दिया जाता है। इसके लिए 3 किलो के डंबल से गॉब्लेट स्क्वाट के 3 सेट में 12-12 रेपिटेशन करें। इसके बाद रोमानियन डेडलिफ्ट के 3 सेट में 10 बार और रिवर्स लंज के 3 सेट में 10 बार अभ्यास करें।

इसके अलावा ग्लूट ब्रिज के 3 सेट में 15 रेपिटेशन करें। दिन के अंत में प्लैंक होल्ड के 3 सेट लगाएं और प्रत्येक सेट में 30 से 45 सेकंड तक शरीर को स्थिर रखने की कोशिश करें।
दूसरे दिन अपर बॉडी वर्कआउट पर दें ध्यान
दूसरे दिन शरीर के ऊपरी हिस्से की मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज करें। इसमें डंबल चेस्ट प्रेस के 3 सेट में 12 बार अभ्यास करना शामिल है। इसके बाद बेंट ओवर रो के 3 सेट में 12 रेपिटेशन करें।

ओवरहेड प्रेस के 3 सेट में 10 बार और बाइसेप कर्ल्स के 3 सेट में 12 बार करें। इसके साथ डेड बग एक्सरसाइज के 3 सेट में 8 रेपिटेशन कर सकते हैं। इन एक्सरसाइज से हाथों, कंधों और शरीर के ऊपरी हिस्से की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है।
तीसरे दिन करें फुल बॉडी वर्कआउट
तीसरे दिन पूरे शरीर की मांसपेशियों को सक्रिय रखने के लिए फुल बॉडी एक्सरसाइज करें। इसमें डेडलिफ्ट के 3 सेट में 10 बार और स्क्वाट के 3 सेट में 12 बार अभ्यास करें। इसके बाद सिंगल आर्म रो के 3 सेट में 12 रेपिटेशन करें।
इसके अलावा ओवरहेड प्रेस के 3 सेट में 10 बार और प्लैंक के 3 सेट लगाएं। प्लैंक के प्रत्येक सेट को 30 से 45 सेकंड तक करने की कोशिश करें। अपनी क्षमता के अनुसार वजन और रेपिटेशन तय करना जरूरी है।
वजन घटाने के लिए नींद और प्रोटीन भी जरूरी
पायल अग्रवाल एक्सरसाइज के साथ पर्याप्त नींद और संतुलित खानपान पर भी जोर देती हैं। उनके अनुसार, रोजाना 7 से 8 घंटे की नींद लेने और डाइट में पर्याप्त प्रोटीन शामिल करने से फिटनेस बनाए रखने में मदद मिल सकती है। प्रोटीन मांसपेशियों की मरम्मत और मजबूती के लिए महत्वपूर्ण पोषक तत्व है।
डिलीवरी के बाद वर्कआउट शुरू करने से पहले बरतें सावधानी
ध्यान रखें कि हर महिला की प्रेग्नेंसी और डिलीवरी के बाद रिकवरी अलग होती है। इसलिए किसी भी तरह का नया वर्कआउट शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। खासकर सी-सेक्शन, पेल्विक फ्लोर की परेशानी या अन्य जटिलताओं के मामले में अतिरिक्त सावधानी बरतें। शुरुआत हल्की गतिविधियों से करें और धीरे-धीरे एक्सरसाइज की तीव्रता बढ़ाएं। वजन घटाने के लिए जल्दबाजी करने के बजाय शरीर को पर्याप्त समय देना सबसे जरूरी है।

