Sridevi Mithun Chakraborty Affair : बॉलीवुड की दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती की जोड़ी 1980 के दशक में दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय थी। दोनों ने कई फिल्मों में एक साथ काम किया और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को खूब पसंद किया गया। इसी दौरान दोनों के कथित प्रेम संबंधों को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। हालांकि, श्रीदेवी और मिथुन ने कभी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की थी। अब उस दौर से जुड़ा एक पुराना किस्सा सामने आया है। सिनेमैटोग्राफर और फिल्ममेकर लॉरेंस डीसूजा ने बताया है कि फिल्म की शूटिंग के दौरान मिथुन अक्सर श्रीदेवी से मिलने सेट पर पहुंचते थे।
गैर कानूनी की शूटिंग के दौरान श्रीदेवी से मिलने आते थे मिथुन
फिल्ममेकर लॉरेंस डीसूजा ने सिद्धार्थ कन्नन के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान 1989 में रिलीज हुई फिल्म ‘गैर कानूनी’ की शूटिंग से जुड़ी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि उस समय श्रीदेवी और मिथुन चक्रवर्ती के रिश्ते को लेकर फिल्मी गलियारों में काफी चर्चा थी। लॉरेंस के अनुसार, इंडस्ट्री में दोनों की नजदीकियों की खबरें आम थीं।उन्होंने बताया कि मिथुन चक्रवर्ती कई बार शूटिंग के दौरान श्रीदेवी से मिलने पहुंचते थे। वह अभिनेत्री के मेकअप रूम में बैठकर उनका इंतजार भी करते थे। कभी वह शूटिंग के बीच में आते तो कभी पैकअप के आसपास सेट पर दिखाई देते थे। लॉरेंस ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने जो कुछ देखा, वह केवल फिल्म के सेट पर ही देखा था। उस समय मिथुन की शादी योगिता बाली से हो चुकी थी।

मिथुन का फोन आते ही शूटिंग फ्लोर से बाहर चली जाती थीं श्रीदेवी
लॉरेंस डीसूजा ने बातचीत में एक और दिलचस्प बात बताई। उनके मुताबिक, शूटिंग के दौरान मिथुन कई बार श्रीदेवी को फोन किया करते थे। जब अभिनेत्री के पास उनका फोन आता था तो वह कुछ समय के लिए शूटिंग फ्लोर से बाहर चली जाती थीं। फोन पर बातचीत पूरी करने के बाद वह वापस लौटतीं और अपना शॉट पूरा करती थीं।फिल्ममेकर ने बताया कि शूटिंग के दौरान ऐसा कई बार देखने को मिला। हालांकि, इन निजी चर्चाओं का श्रीदेवी के पेशेवर काम पर कोई असर नहीं पड़ता था। वह अपने काम को लेकर बेहद गंभीर थीं और समय पर अपने शॉट पूरे करती थीं।

बेहद शांत और रिजर्व स्वभाव की थीं श्रीदेवी
लॉरेंस डीसूजा ने श्रीदेवी के व्यक्तित्व के बारे में भी कई बातें बताईं। उन्होंने कहा कि अभिनेत्री स्वभाव से बेहद शांत और रिजर्व रहती थीं। शूटिंग के दौरान अपना काम पूरा करने के बाद वह अक्सर फिल्म की पूरी टीम के साथ बैठने या बातचीत करने के बजाय अकेले समय बिताना पसंद करती थीं। लॉरेंस ने उन्हें बहुत अच्छा इंसान बताया।
शादीशुदा मिथुन के साथ रिश्ते की होती थीं चर्चाएं
श्रीदेवी और मिथुन चक्रवर्ती ने ‘जाग उठा इंसान’ और ‘वक्त की आवाज’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया था। पर्दे पर उनकी जोड़ी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। इसी दौर में दोनों के कथित अफेयर की खबरें भी सुर्खियों में रहीं। हालांकि, दोनों कलाकारों ने कभी इन खबरों पर खुलकर कोई बयान नहीं दिया।बाद में श्रीदेवी ने 1996 में फिल्म निर्माता बोनी कपूर से शादी कर ली। इस शादी से उनकी दो बेटियां जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर हैं, जिन्होंने आगे चलकर बॉलीवुड में अपना करियर बनाया। फरवरी 2018 में दुबई में श्रीदेवी का निधन हो गया था। उनके निधन के बाद भी उनकी फिल्में और निजी जिंदगी से जुड़े पुराने किस्से अक्सर चर्चा में आते रहते हैं।


