Parliament Special Session : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस सत्र में महिला आरक्षण कानून को लागू करने और परिसीमन से जुड़े विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है। इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपनी-अपनी रणनीति तैयार करने में जुटे हैं। इसी राजनीतिक हलचल के बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपने निलंबित सांसद कल्याण बनर्जी को लेकर बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने उनका निलंबन समाप्त कराने के लिए लोकसभा अध्यक्ष से औपचारिक अपील की है।
अभिषेक बनर्जी ने ओम बिरला को लिखा पत्र
लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कल्याण बनर्जी का निलंबन समाप्त करने की मांग की। उन्होंने आग्रह किया कि सदन की आगामी बैठक शुरू होने से पहले इस मामले पर जल्द फैसला लिया जाए।अभिषेक बनर्जी ने अपने पत्र में कहा कि निलंबन जारी रहने के कारण कल्याण बनर्जी लोकसभा की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इससे एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारियां प्रभावित होंगी। इसके साथ ही पार्टी के मुख्य सचेतक यानी चीफ व्हिप के तौर पर उनकी भूमिका भी बाधित होगी। ऐसे में आगामी संसदीय कार्यवाही को देखते हुए उनके निलंबन पर जल्द निर्णय लेना जरूरी है।

नियम 374(2) के तहत निलंबन खत्म करने की मांग
टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपनी अपील के समर्थन में लोकसभा की कार्यवाही और संचालन संबंधी नियमों के नियम 374(2) का उल्लेख किया है। इस नियम के तहत सदन में प्रस्ताव लाकर किसी सदस्य का निलंबन समाप्त किया जा सकता है।उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि आगामी बैठक से पहले इस प्रस्ताव पर विचार करने की व्यवस्था की जाए। पार्टी चाहती है कि कल्याण बनर्जी को सदन की कार्यवाही में दोबारा शामिल होने का अवसर मिले, ताकि वे सांसद और मुख्य सचेतक के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।

महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में हुआ था निलंबन
दरअसल, कल्याण बनर्जी को 22 जुलाई को संसद के मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया गया था। नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के सदस्यों ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कल्याण बनर्जी ने महिला सदस्यों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।इस मामले को लेकर संसद में विवाद हुआ था, जिसके बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था और 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, सत्रावसान की औपचारिक घोषणा नहीं की गई थी।
30 नवंबर से फिर शुरू होगी लोकसभा की कार्यवाही
संसद की आगामी बैठकों को देखते हुए टीएमसी ने निलंबन का मामला जल्द सुलझाने की मांग तेज कर दी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से दोबारा शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होनी है। जरूरत के मुताबिक दोनों सदनों की बैठकें 3 दिसंबर तक समाप्त हो सकती हैं।ऐसे में अभिषेक बनर्जी का पत्र राजनीतिक और संसदीय लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी नजर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के फैसले पर टिकी है। सवाल यह है कि क्या विशेष सत्र की शुरुआत से पहले कल्याण बनर्जी का निलंबन समाप्त होगा और उन्हें सदन में लौटने का मौका मिलेगा?


