Thirupparankundram Row : तमिलनाडु के मदुरै जिले में स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून स्तंभ में पारंपरिक दीप जलाने को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट की ओर से शनिवार को दोबारा दीप प्रज्वलित करने का निर्देश दिए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान मुरुगन का आह्वान किया। शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर तमिल भाषा में संदेश साझा करते हुए लिखा, ‘भगवान मुरुगन की जय।’ उनका यह संदेश सुप्रीम कोर्ट के ताजा निर्देश के बाद सामने आया।
शनिवार को दीप जलाने का सुप्रीम कोर्ट का निर्देश
शुक्रवार को मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ में शनिवार को कार्तिकई दीपम का दीप प्रज्वलित किया जाए। अदालत ने इससे पहले भी इस परंपरा को निभाने की अनुमति दी थी, लेकिन निर्धारित स्थान पर दीप नहीं जलाया गया। कोर्ट ने इस मामले में राज्य प्रशासन के रवैये पर गंभीर सवाल उठाए।

15 अधिकारियों को अवमानना नोटिस, जानबूझकर आदेश तोड़ने का आरोप
सुप्रीम कोर्ट ने प्रथम दृष्टया माना कि तमिलनाडु के अधिकारियों ने उसके पूर्व आदेश का जानबूझकर पालन नहीं किया। अदालत ने इस मामले में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के अधिकारियों, मदुरै के जिलाधिकारी और मंदिर के पांच न्यासियों सहित कुल 15 अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किए।दरअसल, 20 नवंबर के आदेश में अदालत ने कार्तिकई दीपम उत्सव के अवसर पर 24 नवंबर को दीपथून में दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, निर्धारित स्तंभ के बजाय पारंपरिक उची पिल्लैयार मंडपम में दीप प्रज्वलित किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने इसे आदेश की खुलेआम अवहेलना बताते हुए राज्य सरकार और मंदिर प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। अदालत ने चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति संवैधानिक अराजकता पैदा कर सकती है और आदेशों की अवहेलना पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बताया भक्तों की ऐतिहासिक जीत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने इसे भगवान मुरुगन के भक्तों की ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि यह भारत की धार्मिक परंपराओं को निभाने के अधिकार की पुष्टि है। नवीन के मुताबिक, प्रशासनिक शक्ति का इस्तेमाल धार्मिक परंपराओं को कमजोर करने या श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीतिक षड्यंत्र देश की पवित्र परंपराओं को रोक नहीं सकता।
मुख्यमंत्री विजय की बैठक, मदुरै पहुंचे CRPF जवान
सुप्रीम कोर्ट के ताजा निर्देश के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार शाम मुख्य सचिव एम. साई कुमार, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। वहीं, अदालत के निर्देशों के अनुसार तैनाती के लिए सीआरपीएफ के जवान शुक्रवार रात मदुरै पहुंच गए। हालांकि, राज्य सरकार ने अब तक इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

माकपा ने अंतरिम आदेश पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, माकपा की तमिलनाडु इकाई के सचिव पी. षणमुगम ने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश को हैरान करने वाला और संघवाद के खिलाफ बताया। उन्होंने प्रधान न्यायाधीश से मामले में हस्तक्षेप कर आदेश पर पुनर्विचार करने की अपील की। उनका कहना है कि जब तक मुख्य विवाद पर अंतिम फैसला नहीं आता, तब तक इतना कठोर अंतरिम आदेश उचित नहीं है। इस बीच, शनिवार को दीपथून पर दीप प्रज्वलन को लेकर सभी की नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।

