Mahtari Vandan Yojana Recovery : छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना में अपात्र हितग्राहियों को पहुंची सरकारी सहायता राशि की वसूली को लेकर बालोद जिले में प्रशासनिक कार्रवाई सवालों के घेरे में है। महिला एवं बाल विकास विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में कुल 5,745 अपात्र हितग्राहियों से 86 लाख 21 हजार 900 रुपये वापस लिए जाने हैं। लेकिन अब तक केवल 496 हितग्राहियों से 13 लाख 2 हजार 150 रुपये ही वसूल किए जा सके हैं। यानी कुल बकाया राशि का लगभग 15 प्रतिशत हिस्सा ही शासन के खाते में वापस आया है। शेष 73 लाख 19 हजार 750 रुपये की वसूली अभी बाकी है।
26 नवंबर की रिपोर्ट में सामने आई वसूली की सुस्त रफ्तार
महिला एवं बाल विकास विभाग की 26 नवंबर को जारी रिपोर्ट ने वसूली अभियान की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है। आंकड़ों के अनुसार, अभी भी 5,249 अपात्र हितग्राहियों से सरकारी राशि वापस लेना बाकी है। अपात्रता सामने आने के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं से रकम की वसूली नहीं हो पाई है। इससे विभागीय निगरानी और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

अपात्र हितग्राहियों को नोटिस, बैंक खाते सीज करने की तैयारी
विभाग ने अब वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाने का संकेत दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, नोटिस मिलने के बाद भी यदि संबंधित हितग्राही राशि वापस नहीं करते हैं तो उनके बैंक खाते सीज किए जा सकते हैं। इसके अलावा राजस्व वसूली प्रमाणपत्र (RRC) जारी करने और जरूरत पड़ने पर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी।बालोद परियोजना अधिकारी की ओर से ग्राम भेड़िया नवागांव की राजेश्वरी को 21 अक्टूबर को नोटिस जारी किया गया था। इसमें बताया गया कि शासकीय सेवक के परिवार की महिला सदस्य योजना का लाभ लेने के लिए अपात्र है। संबंधित महिला से 14 हजार रुपये वापस जमा करने को कहा गया है। इसी तरह ललिता, कमला, फवती, डिगेश्वरी, ललेश्वरी और निराशा समेत अन्य महिलाओं को भी नोटिस भेजे गए हैं।

शासकीय कर्मचारियों के परिवारों से भी होगी वसूली
विभागीय दस्तावेजों के अनुसार, शासकीय सेवकों के परिवार की 20 से अधिक महिला सदस्यों के अपात्र होने के बावजूद योजना की राशि लेने के मामले सामने आए हैं। ऐसे मामलों में भी सरकारी रकम वापस लेने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा मृत हितग्राहियों के खातों में राशि पहुंचने और होल्ड श्रेणी से जुड़े प्रकरणों की भी जांच की जा रही है।
डौंडीलोहारा वसूली में सबसे आगे, परियोजनावार आंकड़े जारी
विकासखंडवार आंकड़ों में डौंडीलोहारा परियोजना वसूली के मामले में सबसे आगे है। यहां 100 हितग्राहियों से 2 लाख 60 हजार 500 रुपये वापस लिए गए हैं। गुंडरदेही में 99 महिलाओं से 2 लाख 12 हजार 700 रुपये और दल्लीराजहरा में 54 हितग्राहियों से 1 लाख 75 हजार 550 रुपये की वसूली हुई है।डौंडी-01 में 32 हितग्राहियों से 1 लाख 46 हजार 50 रुपये और डौंडी-02 में 29 से 1 लाख 29 हजार रुपये वापस लिए गए हैं। बालोद में 62 महिलाओं से 1 लाख 27 हजार 350 रुपये, गुरुर में 51 से 1 लाख 26 हजार रुपये और देवरी परियोजना में 69 हितग्राहियों से 1 लाख 25 हजार रुपये की वसूली की गई है।

5249 हितग्राहियों से अभी भी वसूली बाकी
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, शेष हितग्राहियों की परियोजनावार संख्या में गुंडरदेही में 1,303, गुरुर में 1,084, बालोद में 909, डौंडीलोहारा में 635, देवरी में 555, डौंडी-02 में 365 और डौंडी-01 में 340 हितग्राही शामिल हैं। रिपोर्ट में डौंडीलोहारा की एक अतिरिक्त प्रविष्टि में 58 हितग्राही भी दर्ज हैं।
राशि नहीं लौटाने पर संपत्ति होगी कुर्क
जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा ने बताया कि यह वर्ष 2025 से संबंधित मामला है। पोर्टल पर अपात्र हितग्राहियों की जानकारी सामने आने के बाद उनके प्रकरण तैयार करके नोटिस जारी किए गए हैं। जिन लोगों ने राशि जमा कर दी है, उनकी वसूली पूरी कर ली गई है।उन्होंने स्पष्ट किया कि शेष लोगों को भी नोटिस दिया जा रहा है। निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करने पर बैंक खाते सीज करने, तहसीलदार के माध्यम से वसूली और आरआरसी जारी करने जैसी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संपत्ति भी कुर्क की जा सकती है। अधिकारी ने कहा कि आवेदन के दौरान गलत जानकारी देने या पात्रता से जुड़ी जानकारी छिपाने की जिम्मेदारी संबंधित हितग्राही की है।
प्रशासनिक निगरानी पर उठ रहे सवाल
महतारी वंदन योजना में अपात्र हितग्राहियों की पहचान होने के बाद सरकारी राशि वापस लेना विभाग की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद अब तक केवल 496 लोगों से वसूली हो पाना प्रशासनिक व्यवस्था की धीमी गति को दर्शाता है। अब देखना होगा कि प्रशासन शेष 73 लाख 19 हजार 750 रुपये की वसूली कब तक पूरी कर पाता है।

