Yemen Boat Accident : यमन के दक्षिणी तट पर एक दर्दनाक नाव हादसा हुआ है। अबयान प्रांत के पास समुद्र में एक नाव पलट गई जिसमें करीब 154 अफ्रीकी प्रवासी सवार थे। अब तक 68 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग लापता हैं। इस हादसे में केवल 10 लोगों को ही जिंदा बचाया जा सका है।

IOM ने बताया- हादसे में मारे गए ज्यादातर इथियोपियाई नागरिक
अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) ने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि मृतकों में बड़ी संख्या में इथियोपिया के नागरिक हैं। IOM यमन के प्रमुख अब्दुसत्तोर एसोव ने जानकारी दी कि 54 से अधिक शव अबयान के खानफर क्षेत्र के समुद्र तट पर मिले हैं। बचाव कार्य देर रात तक चलता रहा और लापता लोगों की खोज अब भी जारी है।

खराब मौसम बना हादसे की वजह
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, हादसे की वजह खराब मौसम को बताया गया है। नाव पर नौ इथियोपियाई नागरिकों के साथ एक यमनी नागरिक भी मौजूद था। जब मौसम ने अचानक करवट ली, तो नाव असंतुलित होकर पलट गई।
रोज़गार की तलाश में जोखिम भरा सफर
यमन का समुद्री मार्ग अफ्रीका के हॉर्न और खाड़ी देशों के बीच स्थित है। यह मार्ग प्रवासियों के लिए खतरनाक माना जाता है, फिर भी हर साल हजारों लोग यहां से सफर करते हैं। काम की तलाश में इथियोपिया और सोमालिया से लोग सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों में पहुंचने की कोशिश करते हैं और इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।
IOM ने पहले भी दी थी चेतावनी
IOM ने पहले भी चेतावनी दी थी कि यह समुद्री मार्ग अत्यंत जोखिमभरा है। फिर भी 2024 में अब तक 60,000 से अधिक प्रवासी अपनी जान जोखिम में डालकर यमन में प्रवेश कर चुके हैं। पिछले वर्ष इस मार्ग से यात्रा के दौरान 558 लोगों की मौत हुई थी और कई अभी तक लापता हैं।
राहत और बचाव अभियान जारी, चिंता गहराई
स्थानीय प्रशासन और राहत दल लगातार लापता लोगों की तलाश में लगे हुए हैं। समुद्र की लहरें और खराब मौसम राहत कार्य को बाधित कर रहे हैं। IOM और स्थानीय प्रशासन मिलकर राहत कार्य चला रहे हैं।
यमन तट पर हुआ यह हादसा एक बार फिर वैश्विक प्रवासन संकट की गंभीरता को दर्शाता है। रोजगार की तलाश में प्रवासी खतरनाक रास्तों का चयन करने को मजबूर हैं, जिससे हर साल सैकड़ों जानें जा रही हैं। यह घटना न सिर्फ दुखद है, बल्कि प्रवासी नीति और सुरक्षा को लेकर गहन चिंतन की मांग भी करती है।
Read more : US India Tension : रूस से तेल खरीद पर अमेरिका नाराज़, भारत पर लगाया युद्ध फंडिंग का आरोप











