Pratappur News : जिला प्रशासन सूरजपुर ने फिर से एक नया आदेश जारी कर जनपद पंचायत प्रतापपुर के विवादित प्रभारी सीईओ नृपेन्द्र सिंह का स्थानांतरण कर दिया है। इनके स्थान पर जयगोविंद गुप्ता को ही प्रतापपुर जनपद का सीईओ नियुक्त किया गया है। आदेश को तत्काल प्रभावशील बताया गया है।

बता दें कि विवादित अधिकारी नृपेन्द्र सिंह जिनका की मूल पद उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं सूरजपुर है। उन्हें प्रतापपुर जनपद का प्रभारी सीईओ बनाया गया था। जब से उन्हें यहां पदस्थ किया गया था ठीक तभी से प्रतापपुर जनपद का सरपंच संघ उनकी नियुक्ति को अवैध बताते हुए लगातार उन्हें हटाने की मांग कर रहा था।

सरपंच संघ क आरोप था कि प्रभारी सीईओ नृपेन्द्र सिंह एक पशु चिकित्सा अधिकारी हैं इन्हें पंचायतों में होने वाले कार्यों की कोई जानकारी नहीं है। जिसके कारण सरपंच व सचिवों को पंचायत के कार्य करने में परेशानी आ रही है। साथ इनके द्वारा सरपंच व सचिवों को मानसिक व आर्थिक रूप से परेशान भी किया जा रहा है। इसलिए इन्हें तुरंत हटाया जाना चाहिए।
इस संबंध में सरपंच संघ ने 21 जुलाई को जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन भी सौंपा था। पर इन्हें नहीं हटाया गया। 31 जुलाई को इनके ऊपर मदननगर के सरपंच व ग्रामीणों ने पंचायत में सचिव की नियुक्ति कराने को लेकर दस हजार रुपए की रिश्वत लेने का आरोप लगा जनपद कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया था। इसके बावजूद ये बने रहे। इसके बाद सरपंच संघ ने इन्हें हटाने की मांग को लेकर फिर से 5 अगस्त को जिला सीईओ को ज्ञापन सौंप था। फिर भी इन पर जिला प्रशासन की कृपादृष्टि बनी रही।
जबकि प्रभारी सीईओ नृपेन्द्र सिंह का 18 जून 2025 को ही स्थानांतरण हो चुका था। इनके स्थान पर यहां स्थाई सीईओ जयगोविंद गुप्ता की नियुक्ति हुई थी। पर यह आदेश भी केवल हवा हवाई साबित हो रहा था। बार बार ज्ञापन देने के बावजूद प्रभारी सीईओ को न हटाने से नाराज सरपंच संघ ने विश्व आदिवासी दिवस के दिन जनपद पंचायत कार्यालय के बाहर प्रभारी सीईओ के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की थी।
सरपंच संघ की बड़ी जीत
सरपंच संघ द्वारा लगातार प्रभारी सीईओ का विरोध किया जा रहा था। इनके स्थान पर पूर्व में जारी आदेश के अनुसार स्थाई सीईओ जयगोविंद गुप्ता को नियुक्त करने मांग की जा रही थी। आखिरकार सरपंच संघ द्वारा लगातार प्रभारी सीईओ के विरुद्ध किए जा रहे विरोध के आगे झुकते हुए जिला प्रशासन ने 14 अगस्त को फिर से एक नया आदेश जारी कर प्रभारी सीईओ को हटा दिया है।
आदेश में फिर से स्थाई सीईओ जयगोविंद गुप्ता को ही पदस्थ करने को कहा गया है। तथा प्रभारी सीईओ नृपेन्द्र सिंह को प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण शाखा जिला पंचायत सूरजपुर में संलग्न किया गया है।










