Modi Cabinet Meeting : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में देश के बुनियादी ढांचे को मजबूती देने वाले दो अहम प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि राजस्थान के कोटा में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और ओडिशा में कटक-भुवनेश्वर 6-लेन रिंग रोड को हरी झंडी मिल गई है। राजस्थान के कोटा-बूंदी में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को मिली मंजूरी केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने बताया कि कोटा और बूंदी जिलों के बीच विकसित किए जाने वाले ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत ₹1507 करोड़ होगी। यह एयरपोर्ट ना केवल राजस्थान के पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि शिक्षा नगरी कोटा को वैश्विक स्तर पर नई उड़ान देगा। यह एयरपोर्ट क्षेत्रीय संपर्क को सुदृढ़ करेगा। कोटा में हर साल लाखों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं। नए एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, पुणे और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों से सीधी कनेक्टिविटी संभव होगी। ओडिशा में कटक-भुवनेश्वर के बीच बनेगा 6-लेन कैपिटल रीजन रिंग रोड दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट ओडिशा के लिए है। कैबिनेट ने 110.875 किलोमीटर लंबी 6-लेन रिंग रोड को मंजूरी दी है, जो कटक और भुवनेश्वर को हाई-स्पीड कनेक्टिविटी देगी। इस प्रोजेक्ट पर ₹8307.74 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इससे राजधानी क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा। कटक और भुवनेश्वर के बीच औद्योगिक और आवासीय विकास को मिलेगा बढ़ावा। यह रोड प्राकृतिक आपदाओं के समय इमरजेंसी रिस्पॉन्स के लिए भी सहायक होगी। इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को मिली थी मंजूरी प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में इससे पहले 12 अगस्त को हुई कैबिनेट बैठक में भी बड़े निवेश को मंजूरी दी गई थी। इस बैठक में ₹18,541 करोड़ की परियोजनाएं स्वीकृत की गईं। 4 सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट्स को मंजूरी ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पंजाब में सेमीकंडक्टर प्लांट्स लगेंगे। कुल निवेश ₹4594 करोड़ होगा। यह घरेलू चिप मैन्युफैक्चरिंग, पैकेजिंग और एडवांस मटेरियल सेक्टर को बढ़ावा देगा। करीब 2000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। लखनऊ मेट्रो फेज-1B को मिली स्वीकृति 11.165 किलोमीटर लंबे मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत 12 स्टेशन विकसित किए जाएंगे। कुल लागत होगी ₹5801 करोड़। यह शहर के यातायात को सुगम बनाएगा और आम लोगों के जीवन को आसान करेगा। टाटो II हाइड्रो प्रोजेक्ट को भी मिली मंजूरी भारत की स्वच्छ ऊर्जा प्रतिबद्धता के तहत अरुणाचल प्रदेश के शि योमी जिले में 700 मेगावाट के टाटो II हाइड्रो प्रोजेक्ट को स्वीकृति दी गई है। इसमें ₹8146 करोड़ का निवेश होगा। प्रोजेक्ट को पूरा होने में 72 महीने लगेंगे। यह पूर्वोत्तर भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट द्वारा लिए गए ये फैसले भारत के बुनियादी ढांचे, रोजगार सृजन और स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कोटा एयरपोर्ट और कटक-भुवनेश्वर रिंग रोड जैसे प्रोजेक्ट्स न सिर्फ क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देंगे, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी गति देंगे। Read More : Mumbai Monorail : मुंबई में मोनोरेल फंसी, यात्रियों की सांसें अटकीं , फायर ब्रिगेड कर रहा रेस्क्यू














