Tamil Nadu election 2026: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार और उभरते राजनेता विजय ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी तमिलागा वेट्ट्री कल्याणगम (TVK) 2026 में होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी और अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी। मदुरै में आयोजित TVK के दूसरे राज्य सम्मेलन के दौरान विजय ने यह घोषणा की, जो उनके राजनीतिक करियर की अब तक की सबसे बड़ी रणनीतिक घोषणा मानी जा रही है।

TVK लड़ेगी सभी सीटों पर
कार्यक्रम में हजारों समर्थकों की मौजूदगी में विजय ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी DMK या BJP किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि TVK अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी और जनसमर्थन के आधार पर सत्ता में आने की कोशिश करेगी। विजय ने कहा, “हम न सत्ता के लालची हैं, न ही सुविधा की राजनीति में विश्वास रखते हैं। जनता के मुद्दे हमारे लिए प्राथमिकता हैं, और हम बिना किसी गठबंधन के, सीधा जनादेश लेने की कोशिश करेंगे।”

राजनीतिक और वैचारिक विरोधी तय: DMK और BJP
विजय ने DMK और BJP दोनों दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि TVK का “केवल वैचारिक विरोध” बीजेपी से है, जबकि “केवल राजनीतिक विरोध” DMK से है। उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला उनकी पार्टी TVK और सत्ताधारी DMK के बीच होगा। यह बयान इस ओर संकेत करता है कि विजय की पार्टी DMK के खिलाफ एक मजबूत विकल्प के तौर पर खुद को प्रस्तुत करने की तैयारी में है, जबकि राष्ट्रीय राजनीति में बीजेपी की विचारधारा से असहमति को भी वे खुलकर सामने ला रहे हैं।
प्रशंसकों और जनता को दिया संदेश
राज्य सम्मेलन में विजय ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्हें “राजनीतिक रूप से जागरूक नागरिक” बनने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और किसानों के मुद्दों को प्रमुख एजेंडे में रखने की बात भी दोहराई। विजय ने कहा कि राजनीति में उनका प्रवेश जनता के लिए एक विकल्प देने की मंशा से है, न कि प्रसिद्धि या लाभ के लिए। उन्होंने TVK कार्यकर्ताओं से कहा कि वे ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पार्टी के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाएं।
2026 में नया राजनीतिक समीकरण बन सकता है
तमिलनाडु की राजनीति में विजय की पार्टी के प्रवेश और अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा से राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव आ सकता है। अब तक राज्य में दो प्रमुख गठबंधन – DMK और AIADMK के इर्द-गिर्द ही चुनावी मुकाबला रहा है। लेकिन TVK के आ जाने से त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना बढ़ गई है। विशेषज्ञ मानते हैं कि विजय की लोकप्रियता, खासकर युवाओं और शहरी क्षेत्रों में, उन्हें एक मजबूत चुनौतीदाता बना सकती है।
TVK के इस रणनीतिक ऐलान से स्पष्ट हो गया है कि अभिनेता विजय अब सिनेमा से इतर, तमिल राजनीति में गंभीर भूमिका निभाने जा रहे हैं। 2026 के चुनाव में TVK का प्रदर्शन यह तय करेगा कि क्या तमिलनाडु की राजनीति में तीसरा मोर्चा मजबूत हो सकता है या नहीं।
Read More : छत्तीसगढ़ पुलिस में 25 सब इंस्पेक्टर का प्रमोशन, रायपुर के 6 अफसर बने इंस्पेक्टर, नई पोस्टिंग आदेश जल्द










