Kushinagar Express : मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT), कुर्ला पर शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब गोरखपुर से आ रही कुशीनगर एक्सप्रेस के टॉयलेट में रखे डस्टबिन से 8 साल के बच्चे का शव बरामद हुआ। इस भयावह घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्री सकते में आ गए और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।

कैसे सामने आया मामला?
जानकारी के अनुसार, जैसे ही ट्रेन LTT स्टेशन पर पहुँची, कुछ यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से तेज दुर्गंध (bad smell) की शिकायत की। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और Government Railway Police (GRP) ने तत्काल तलाशी शुरू की। जांच के दौरान एक कोच के टॉयलेट डस्टबिन से बच्चे का शव मिला, जो प्लास्टिक में लपेटा हुआ था। शव की हालत देखकर स्पष्ट है कि बच्चे की हत्या कर शव को डस्टबिन में ठूंसा गया। यह नजारा देख स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

जांच में जुटी मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच
घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई क्राइम ब्रांच और GRP की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे की पहचान क्या है और हत्या किसने की है फिलहाल पुलिस द्वारा ट्रेन में लगे CCTV फुटेज की जांच की जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। साथ ही, ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है।
केस से जुड़े अहम बिंदु:
मृतक की उम्र लगभग 8 साल बताई जा रही है।हत्या की आशंका, शव को प्लास्टिक में लपेटकर डस्टबिन में छिपाया गया।पुलिस को शक है कि घटना ट्रेन के सफर के दौरान ही हुई।आरोपी ट्रेन के किसी स्टेशन पर उतरकर फरार हो गया हो सकता है।फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस की अपील
मुंबई GRP और क्राइम ब्रांच ने यात्रियों और आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को ट्रेन के सफर के दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आया हो, तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें। इसके अलावा, बच्चे की पहचान के लिए भी मदद मांगी जा रही है।लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर मिला यह शव न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता पैदा करता है। पुलिस की तफ्तीश जारी है और जल्द ही इस सनसनीखेज मामले से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकता है।










