Ambikapur News : सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के खाराकोना गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब दो दिनों से लापता किसान का शव बुधवार सुबह खेत में पड़ा मिला। मृतक के सिर और गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका गहराती जा रही है।

जानकारी अनुसार, ग्राम पंचायत खाराकोना निवासी भादवा तिर्की (48 वर्ष) 25 अगस्त को खेत में काम करने के लिए घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में उसका शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक के सिर और गले पर गहरे घाव के निशान हैं। शव उसके घर से महज 300 मीटर की दूरी पर खेत में पड़ा मिला। परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन भादवा तिर्की खेत में फावड़ा लेकर गया था। कुछ देर बाद उसकी पत्नी भी खेत पहुंची, तो मेड़ पर फावड़ा रखा मिला, लेकिन भादवा का कोई पता नहीं चला।
लुण्ड्रा थाना प्रभारी एसएन पटेल ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











