Bastar Flood Relief: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस संकट की घड़ी में ओडिशा और गुजरात की सरकारों ने 5-5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भेजकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। इससे पहले मध्य प्रदेश और गोवा भी बाढ़ राहत के लिए हाथ बढ़ा चुके हैं। बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जैसे जिलों में आई बाढ़ ने सैकड़ों गांवों को प्रभावित किया है। हजारों लोग बेघर हो चुके हैं और जन-धन की भारी हानि हुई है। इस आपदा के बीच दूसरे राज्यों से मिल रही सहायता छत्तीसगढ़ के लिए राहत की बड़ी किरण बनकर सामने आई है। मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा: “छत्तीसगढ़ की बाढ़ आपदा के समय ₹5-5 करोड़ की राहत राशि उपलब्ध कराने के लिए गुजरात और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों का हृदय से धन्यवाद। आपका यह सहयोग बस्तर संभाग के प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत दिलाने में सहायक होगा।” उन्होंने कहा कि यह परस्पर सहयोग और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है, जो संकट के समय राज्यों के बीच आपसी संबंधों को और मजबूत बनाता है। मध्य प्रदेश पहले ही भेज चुका है मदद मध्य प्रदेश सरकार ने पहले ही ₹5 करोड़ की आर्थिक सहायता के साथ राहत सामग्री भी बस्तर भेजी थी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि “दंतेवाड़ा और आसपास के इलाकों में बाढ़ से भारी तबाही हुई है। ऐसे समय में छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता करना हमारा नैतिक कर्तव्य है।” उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि यदि भविष्य में और मदद की जरूरत पड़ी, तो मध्यप्रदेश सरकार हरसंभव सहयोग करेगी। अब तक कुल ₹20 करोड़ की सहायता अब तक ओडिशा, गुजरात, मध्य प्रदेश और गोवा से मिलाकर कुल ₹20 करोड़ की सहायता राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में प्राप्त हो चुकी है। इसके अलावा राहत सामग्री, दवाइयाँ, खाद्य पैकेट्स और अन्य जरूरी सामान भी लगातार प्रभावित इलाकों में पहुंचाए जा रहे हैं। बाढ़ राहत और पुनर्वास का कार्य तेज़ी से जारी प्रदेश सरकार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर, स्वास्थ्य जांच कैम्प, और भोजन वितरण केंद्र स्थापित किए हैं। साथ ही, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और स्थानीय प्रशासन की टीमें पुनर्वास और बचाव कार्यों में जुटी हैं। बस्तर संभाग की बाढ़ त्रासदी में छत्तीसगढ़ को अन्य राज्यों से मिल रही मदद यह दर्शाती है कि आपदा की घड़ी में देश एकजुट होता है। यह सहयोग न केवल राहत पहुंचाने में सहायक है, बल्कि राष्ट्रीय भावना और मानवता की मिसाल भी पेश करता है। Read More: Chhattisgarh Rain Alert: छत्तीसगढ़ में बारिश से मौसम हुआ सुहावना, रायपुर सहित 22 जिलों में अलर्ट जारी
















