Allegation of conversion : सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बार फिर धर्मांतरण का मुद्दा गरमा गया। नगर पंचायत क्षेत्र के उरांवपारा में आयोजित एक ईसाई धर्म सभा को लेकर हिंदू संगठनों ने बड़ा विरोध दर्ज कराया। आरोप है कि बीमारी ठीक करने के बहाने धर्म सभा का आयोजन कर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। मामले की शिकायत पर पुलिस ने कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया और अन्य जिलों से आए पास्टर सहित उसके छह साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

घटना के बाद सीतापुर थाने के सामने बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब और अशिक्षित परिवारों को निशाना बनाकर मिशनरियों द्वारा लगातार धर्मांतरण कराने की कोशिश की जा रही है। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि “बीमारी ठीक करने” का लालच दिखाकर ग्रामीणों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जो कानूनन अपराध है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोमवार देर शाम सूचना मिली थी कि उरांवपारा इलाके में एक सभा का आयोजन किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि सभा में बाहर से आए पास्टर प्रवचन दे रहे थे। इस दौरान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर सभा का विरोध किया और पुलिस को इसकी लिखित शिकायत दी।
फिलहाल पुलिस ने पास्टर और उसके छह साथियों को रात में ही थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यदि धर्मांतरण के सबूत मिलते हैं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सीतापुर विधानसभा आर्थिक रूप से पिछड़े तबके का क्षेत्र माना जाता है। यहां पर आए दिन धर्मांतरण के मामलों को लेकर विवाद खड़ा होता रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गरीबी और अशिक्षा के चलते लोग आसानी से बहकावे में आ जाते हैं, जिसका फायदा उठाने की कोशिश की जाती है। यही कारण है कि इस संवेदनशील क्षेत्र में धर्मांतरण का मुद्दा लगातार चर्चा और टकराव का विषय बना हुआ है।
यह मामला न केवल कानून-व्यवस्था से जुड़ा है बल्कि सामाजिक-सांप्रदायिक दृष्टिकोण से भी बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। पुलिस की जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि धर्म सभा वास्तव में धार्मिक आस्था तक सीमित थी या फिर इसके पीछे धर्मांतरण की मंशा छिपी थी।









