Pratappur News : प्रतापपुर विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पम्पापुर में 17 सितंबर से सशक्त नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ किया गया। जिसमें गर्भवती महिलाओं समेत अन्य महिलाओं की जांच और उचित परामर्श देकर निःशुल्क दवा वितरित की गई।

बता दें कि छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक के पूरे पखवाड़े में सशक्त नारी सशक्त परिवार अभियान का आयोजन करने का आदेश जारी किया हैं। इसी को लेकर सीएमएचओ डॉ कपिल देव सिंह सूरजपुर के निर्देश व बीएमओ डॉ अजीत दिवान प्रतापपुर के मार्गदर्शन में बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पम्पापुर में उक्त कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जन प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य कर्मियों और मितानिनों के सहयोग से गांव की महिलाओं व बालिकाओं का विशेष स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें हिमोग्लोबिन, सिकलिन, ब्लड शुगर, बीपी समेत अन्य जांच की गई।

जांच उपरांत चिकित्सक ने उचित परामर्श देकर जरूरी दवाओं का वितरण किया। इस दौरान डॉ प्रज्ज्वल सिंह, एलएचव्ही सत्यभामा शर्मा, एमएलटी श्रीति ओझा, एएनएम प्रमिला सिंह, अल्का टोप्पो, कुन्ती सिंह, तुलेश्वर सिंह, मितानिन व अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।










