Robo Shankar Death: तमिल सिनेमा के लोकप्रिय कॉमेडियन और टीवी कलाकार रोबो शंकर का 46 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे एक फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर अचानक बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें तत्काल चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया था, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद 18 सितंबर की सुबह उनका निधन हो गया।

सेट पर अचानक बिगड़ी तबीयत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रोबो शंकर की ब्लड प्रेशर में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा था। ICU में डॉक्टरी निगरानी में रहते हुए उनकी हालत और बिगड़ गई और आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

कमल हासन ने दी भावुक श्रद्धांजलि
सुपरस्टार कमल हासन ने रोबो शंकर के निधन पर X (पूर्व ट्विटर) पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा की। उन्होंने तमिल में लिखा, जिसका भावार्थ कुछ इस तरह है: “रोबो शंकर… ‘रोबो’ तो बस एक उपनाम था, मेरी नजर में तुम एक इंसान थे। तुम मेरे छोटे भाई जैसे थे। क्या तुम मुझे यूं छोड़कर चले जाओगे? तुम्हारा काम खत्म हुआ और तुम चले गए, लेकिन मेरा काम अभी बाकी है। तुम हमारे लिए कल बन गए और इसलिए कल हमारा है।”बताया जाता है कि रोबो शंकर, कमल हासन के बड़े प्रशंसक थे और नए काम की शुरुआत करने से पहले अक्सर उनका आशीर्वाद लेने जाते थे।
पारिवारिक स्थिति और अंतिम संस्कार
उनका पार्थिव शरीर आज रात चेन्नई के वलासरवक्कम स्थित घर लाया जाएगा। अंतिम संस्कार शुक्रवार को चेन्नई में किया जाएगा। रोबो शंकर अपने पीछे पत्नी प्रियंका रोबो शंकर, बेटी इंद्रजा शंकर (जो खुद एक अभिनेत्री हैं) और परिवार को छोड़ गए हैं।
बीमारी के बाद वापसी की थी कोशिश
हाल ही में रोबो शंकर पीलिया (जॉन्डिस) से जूझ रहे थे, जिसके कारण उनका वजन भी काफी कम हो गया था। उनकी दुबली हुई हालत को देखकर फैंस ने सोशल मीडिया पर चिंता जताई थी। बावजूद इसके, उन्होंने जल्द ही वापसी की और Sun TV के रियलिटी शो ‘टॉप कुकू डूप कुकू’ में नजर आए थे, हालांकि हाल ही में वे इस शो से बाहर हो गए थे।
रोबो शंकर का करियर
रोबो शंकर ने अपने करियर की शुरुआत 1997 में की थी और शुरुआती दिनों में राजनीकांत की फिल्म ‘पदयप्पा’ जैसी फिल्मों में अक्रेडिटेड रोल्स किए। ‘रोबो’ नाम उन्हें गांवों और टीवी शोज़ में रोबोटिक एक्ट करने के कारण मिला।
उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल हैं:
‘इधारकुथाने आसैपट्टाई बलकुमार’ (Vijay Sethupathi के साथ)
‘मारी’, ‘वायाई मूडी पेसावुम’, ‘वेलैयनु वंधुट्टा वेलाकरन’,
‘पापा पांडी’, ‘वेलैक्करन’, ‘सिंघम 3’, ‘इरुंबु थिरई’,
और हालिया रिलीज ‘सिंगापुर सैलून’।
इंडस्ट्री और फैंस में शोक की लहर
रोबो शंकर के अचानक निधन से तमिल फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस में गहरा शोक है। सोशल मीडिया पर लोग उनके हास्य से भरे किरदारों और पॉजिटिव एनर्जी को याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
Read More : Afghanistan vs Sri lanka: मोहम्मद नबी ने रचा इतिहास, आखिरी ओवर में जोड़े 5 छक्के










