Niranjan Murthy Arrest: योग की दुनिया में प्रसिद्धि पाने वाले योग गुरु निरंजन मूर्ति को राजराजेश्वरी नगर पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। उन पर कई नाबालिग छात्राओं और युवतियों के साथ यौन उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगे हैं। यह मामला तब उजागर हुआ जब एक नेशनल लेवल की खिलाड़ी ने अगस्त 2025 में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

“प्रसिद्धि और सरकारी नौकरी” का लालच देकर करता था शोषण
पीड़िता के अनुसार, निरंजन मूर्ति ने योग में अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसका भरोसा जीता। वह 2019 से मूर्ति को जानती थी लेकिन 2021 में योग प्रशिक्षण लेना शुरू किया।

थाईलैंड में हुआ था पहला यौन शोषण
पीड़िता ने बताया कि 2023 में थाईलैंड में एक अंतरराष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के दौरान जब वह सिर्फ 17 साल की थी, तब मूर्ति ने उसका पहली बार यौन शोषण किया। इसके बाद पीड़िता ने योग प्रतियोगिताओं में भाग लेना बंद कर दिया। लेकिन दोबारा ट्रेनिंग शुरू करने पर मूर्ति ने फिर उसे अपना शिकार बनाया।
सात और पीड़िताएं आईं सामने
शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला POCSO अधिनियम के अंतर्गत दर्ज किया। शुरुआती जांच में ही 7 और पीड़िताएं सामने आ गईं, जिन्होंने निरंजन मूर्ति पर यौन शोषण और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। सभी पीड़िताओं का कहना है कि मूर्ति ने प्रतियोगिताओं में चयन और पदक दिलाने का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाया।
गिरफ्तारी के बाद जांच तेज
केस दर्ज होते ही मूर्ति फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की अपील: आगे आएं अन्य पीड़ित
राजराजेश्वरी नगर पुलिस ने योग समुदाय और आम जनता से अपील की है कि यदि किसी और के पास इस मामले से जुड़ी जानकारी है, तो वे आगे आकर पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। निरंजन मूर्ति जैसा प्रतिष्ठित चेहरा, जिसने योग को साधना और स्वास्थ्य का माध्यम बताया, उसी ने अपने पद और प्रभाव का इस्तेमाल मासूम लड़कियों के जीवन को बर्बाद करने के लिए किया। इस मामले ने एक बार फिर साबित कर दिया कि योग जैसे पवित्र क्षेत्र में भी सख्त निगरानी और पारदर्शिता की आवश्यकता है।
Read More : Robo Shankar Death: दिग्गज कॉमेडियन एक्टर रोबो शंकर का निधन, 46 साल की उम्र में ली अंतिम सांस










