Ambikapur News : गांधी स्टेडियम में चल रही संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में शुक्रवार को दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिनभर खेले गए दोनों मैचों में खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और जीत हासिल करने वाली टीमों ने सीधे सुपर लीग में जगह बनाई।

पहले मुकाबले में सूरज क्लब तालपारा ने दमदार खेल दिखाते हुए सूर्य क्लब बिशनपुर को 3-1 से मात दी। तालपारा ने पहले हाफ में शानदार तालमेल के साथ लगातार तीन गोल दागकर 3-0 की बढ़त बना ली थी। दूसरे हाफ में बिशनपुर ने एक गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन तालपारा की मजबूत डिफेंस को तोड़ नहीं पाए और मुकाबला 3-1 से तालपारा के नाम रहा।

दूसरे मैच में मेंड्राखुर्द की टीम ने आखिरी पलों तक चले रोमांचक संघर्ष में सरगुजा पुलिस को 2-1 से हराया। मैच की शुरुआत में मेंड्राखुर्द ने 1-0 की बढ़त बनाई, लेकिन पुलिस टीम ने संजू के गोल की मदद से बराबरी कर ली। खेल के अंतिम क्षणों में मेंड्राखुर्द ने निर्णायक गोल कर जीत पक्की की और सुपर लीग का टिकट हासिल कर लिया।निर्णायक की भूमिका ललित किशोर, प्रकाश, अंकुश, आयुष, दख़लानंद, दीपक कुजूर, कमलेश और मंगल ने निभाई।










