Ambikapur News : शहर के हृदय स्थल गांधी स्टेडियम में जारी संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में शनिवार को खेले गए दोनों मुकाबले रोमांचक रहे। दोनों मैचों का नतीजा ट्राई ब्रेकर में निकला, जिसमें जामदोहर व सरगुजा-11 की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर लीग में जगह बनाई।

पहले मुकाबले में फुटबॉल क्लब जामदोहर ने ब्राइट स्टार विश्रामपुर को कड़े संघर्ष के बाद 4-3 से मात दी। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 की बराबरी पर रहा। जामदोहर ने पहले हाफ में बढ़त बनाई, जबकि विश्रामपुर ने दूसरे हाफ में वापसी करते हुए बराबरी कर ली। निर्णायक ट्राई ब्रेकर में जामदोहर ने बाजी मार ली।

दूसरे मैच में सरगुजा-11 और फ्रेंड्स क्लब कंचनपुर के बीच भिड़ंत हुई। कंचनपुर ने पहले हाफ में गोल कर बढ़त बना ली, लेकिन दूसरे हाफ में प्रकाश के शानदार गोल से सरगुजा-11 ने स्कोर बराबर कर दिया। मैच का नतीजा भी ट्राई ब्रेकर से निकला, जिसमें सरगुजा-11 ने 4-2 से जीत दर्ज की। आज के मैचों में निर्णायक की भूमिका विल्सन कुजूर, दिनेश तिर्की, पुनीत प्रकाश, अनुप्रास, अंकुश, आयुष, अखिलानंद, कमलेश और मंगल ने निभाई।
कल प्रतियोगिता में दो मुकाबले खेले जाएंगे— पहला मैच फुटबॉल क्लब कोटिया और ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर के बीच होगा, जबकि दूसरा मैच फुटबॉल क्लब कर्मयोगी और सेंट इग्निसियूस चर्च नमना की टीमों के बीच खेला जाएगा।










