Ambikapur News : नगर के गांधी स्टेडियम में खेले जा रहे संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में सोमवार से सुपर लीग चरण के मुकाबले प्रारंभ हुए। पहले ही दिन खिलाड़ियों ने अपने जुझारू प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

सुपर लीग का पहला मुकाबला फुटबॉल क्लब कर्मयोगी और रेलवे करंजी के बीच खेला गया। मैच की शुरुआत में कर्मयोगी ने तालमेल का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खेल के 10वें मिनट में गोल दागकर 1-0 की बढ़त बनाई। लेकिन दूसरे हाफ में रेलवे करंजी की टीम ने शानदार वापसी की। छोटे-छोटे पासों के जरिये लगातार दबाव बनाते हुए शिवा ने दो गोल दागकर टीम को 2-1 से जीत दिलाई।


दूसरे मुकाबले में फाइटर क्लब मेद्राखुर्द और सूरज क्लब तालपारा आमने-सामने रहे। दोनों टीमों ने पूरे मैच में आक्रामक रुख अपनाया, लेकिन कोई भी गोल करने में सफल नहीं हो सका। परिणामस्वरूप यह मैच 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। आज के मैचों का संचालन निर्णायक मंडल में दिनेश तिर्की, दिनेश आयुष, अंकुश प्रकाश, मंगल आनंद, कमलेश और दीपक कुजूर ने किया।
कल सुपर लीग में पहला मैच ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर और फुटबॉल क्लब जमदोहर के बीच खेला जाएगा। वहीं दूसरा मुकाबला सरगुजा-11 अंबिकापुर और बॉयज क्लब भटगांव के बीच होगा।











