UAE visa ban: अमेरिका के बाद अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने भी वीजा नीति को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। यूएई ने एशिया और अफ्रीका के 9 देशों के नागरिकों पर अस्थायी रूप से टूरिस्ट और वर्क वीजा बैन लगा दिया है। इस फैसले का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और इमिग्रेशन नियंत्रण को मजबूत करना बताया जा रहा है।

इन देशों के नागरिकों पर लगा प्रतिबंध
यूएई सरकार की ओर से सामने आए एक गोपनीय इमिग्रेशन सर्कुलर के मुताबिक, जिन 9 देशों पर यह वीजा बैन लागू किया गया है, वे हैं:

-
अफगानिस्तान
-
लीबिया
-
यमन
-
सोमालिया
-
लेबनान
-
कैमरून
-
सूडान
-
कांगो
-
गिनी
इन देशों के नागरिक अब 2026 तक पर्यटक और वर्क वीजा के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे। हालांकि, जिनके पास पहले से वैध वीजा है, उन पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा और वे UAE में रह सकते हैं या काम कर सकते हैं।
बैन के पीछे क्या है वजह?
यूएई की ओर से इस वीजा बैन को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों, डॉक्यूमेंट फ्रॉड, फेक आइडेंटिटी, और अवैध निवास की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए लिया गया है। यह यूएई की उसी नीति का हिस्सा है जिसके तहत वह अपने देश में इमिग्रेशन प्रक्रियाओं को सख्त बना रहा है।
भारतीय नागरिकों के लिए कोई खतरा नहीं
इस वीजा बैन का भारतीय नागरिकों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। भारतीय पासपोर्ट धारक सामान्य प्रक्रिया के तहत यूएई का वीजा प्राप्त कर सकते हैं। इतना ही नहीं, जिन भारतीयों के पास अमेरिका, ब्रिटेन या यूरोपियन यूनियन (EU) देशों का वेलिड रेसिडेंसी परमिट या ग्रीन कार्ड है, उन्हें यूएई में वीजा ऑन अराइवल की सुविधा मिलती है।
ट्रैवल करने से पहले क्या करें?
यदि आप यूएई की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह जरूरी है कि आप यात्रा से पहले यूएई की आधिकारिक एंबेसी या कांसुलेट की वेबसाइट से लेटेस्ट वीजा पॉलिसी की जानकारी लें। इससे किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सकता है। यूएई का यह कदम उसकी सुरक्षा और इमिग्रेशन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में उठाया गया है। जहां एक ओर कुछ देशों के नागरिकों को अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ेगा, वहीं दूसरी ओर भारतीय नागरिकों के लिए यूएई की यात्रा अब भी पहले की तरह सुरक्षित और सुगम है।











