Ambikapur news : सरगुजा संभाग के अस्पतालों में लगातार हो रही लापरवाही ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूरजपुर जिला अस्पताल में गर्भवती महिला और उसके शिशु की मौत ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना को लेकर कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग ने सरकार और स्वास्थ्य मंत्री पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने कहा कि अस्पतालों में दवाइयों और सुविधाओं का अभाव है, डॉक्टरों-कर्मचारियों की लापरवाही चरम पर है, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री केवल “मुख्य दर्शक” बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि मासूम और गर्भवती महिलाओं की मौत के बाद भी मंत्री का मौन रहना उनकी संवेदनहीनता और असफलता को दर्शाता है।

परवेज आलम गांधी ने आरोप लगाया कि सूरजपुर से ही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े हैं, लेकिन वे भी केवल कार्यक्रमों तक सीमित रह गई हैं। अल्पसंख्यक कांग्रेस ने मांग की है कि सूरजपुर की घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा सरकार और स्वास्थ्य मंत्री ने अब भी आंखें नहीं खोलीं, तो अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।











