Tej Pratap on Tejashwi: बिहार की राजनीति में एक बार फिर लालू परिवार की अंदरूनी तकरार सुर्खियों में है। जनशक्ति जनता दल के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर अप्रत्यक्ष हमला बोलते हुए बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने पूछा है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पोस्टरों से लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की तस्वीरें क्यों हटाई गईं?

पत्रकारों के सवाल पर तेज प्रताप का पलटवार
शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान जब तेज प्रताप यादव से सवाल पूछा गया कि उनकी नई पार्टी “जनशक्ति जनता दल” के पोस्टर में उनके पिता लालू यादव की तस्वीर क्यों नहीं है, तो उन्होंने जवाबी हमला कर दिया। तेज प्रताप ने कहा,”मेरे माता-पिता एक अलग राजनीतिक दल से हैं। मैं अपनी पार्टी के पोस्टर पर उनकी तस्वीरें कैसे लगा सकता हूं? यह मेरी पार्टी के संविधान के अनुरूप नहीं है।”तेज प्रताप ने यह भी जोड़ा कि उनके दिल में माता-पिता का पूरा सम्मान है।”आज तस्वीर लग सकती है, कल हट सकती है। लेकिन दिल से सम्मान कभी नहीं हटाया जा सकता।”

तेजस्वी यादव पर निशाना
तेज प्रताप ने इस मुद्दे पर अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव की ओर इशारा करते हुए कहा कि पहले उनसे पूछा जाना चाहिए कि आरजेडी के पोस्टरों और होर्डिंग्स से लालू-राबड़ी की तस्वीर क्यों गायब कर दी गई है।”तेजस्वी की होर्डिंग में भी माता-पिता की तस्वीरें नहीं हैं। फिर मेरे पोस्टर पर सवाल क्यों?”तेज प्रताप के इस बयान को एक बार फिर राजद परिवार में फूट के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
नई पार्टी और नया चुनाव चिन्ह
बता दें कि तेज प्रताप यादव ने राजद से अलग होकर नई पार्टी “जनशक्ति जनता दल” का गठन किया है। पार्टी का चुनाव चिन्ह “ब्लैकबोर्ड” रखा गया है। सोशल मीडिया पर पार्टी का पोस्टर साझा करते हुए तेज प्रताप ने जनता से समर्थन की अपील की थी। हालांकि पोस्टर में लालू यादव की गैरमौजूदगी को लेकर उन्हें सवालों का सामना करना पड़ा, जिसका उन्होंने अब खुलकर जवाब दे दिया है।
राजनीतिक विश्लेषण
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तेज प्रताप यादव का यह बयान न सिर्फ तेजस्वी यादव पर निशाना है, बल्कि यह संकेत भी है कि लालू परिवार की राजनीतिक विरासत को लेकर अंदरूनी संघर्ष अभी थमा नहीं है। आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में यह विवाद किस रूप में सामने आएगा, यह देखना दिलचस्प होगा।











