Ambikapur News : गांधी स्टेडियम अंबिकापुर में मंगलवार दोपहर 2:30 बजे से खेले गए संभाग स्तरीय नॉक-आउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सरगुजा इलेवन अंबिकापुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में कुल 40 टीमों ने हिस्सा लिया था।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रामकुमार टोप्पो, विधायक सीतापुर और अनुराग सिंह देव, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का स्वागत माल्यार्पण व शैला कर्मा नृत्य के साथ किया गया। फाइनल मुकाबले का शुभारंभ प्रबोध मिंज, विधायक लुंड्रा एवं अध्यक्ष जिला फुटबॉल संघ सरगुजा ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर टॉस और किक लगाकर किया।

⚽ फाइनल परिणाम
विजेता – सरगुजा इलेवन अंबिकापुर (पुरस्कार ₹51,000 व कप)
उप विजेता – ट्राइबल टाइगर अंबिकापुर (पुरस्कार ₹31,000 व कप)
सात्वना पुरस्कार – वेस्ट ग्रामीण टीम
बेस्ट अनुशासित टीम, मैन ऑफ द सीरीज व अन्य खिलाड़ियों को भी शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा नृत्य प्रस्तुति देने वाले शैला कर्मा नृत्य दल को भी मंच से सम्मानित किया गया।



अपने संबोधन में विधायक प्रबोध मिंज ने खिलाड़ियों और दर्शकों को नवरात्रि एवं नवदुर्गा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे हमेशा खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने जनवरी 2026 में अखिल भारतीय गोल्ड कप प्रतियोगिता कराने की घोषणा भी की। इस मौके पर रामकुमार टोप्पो ने गोल्ड कप के लिए ₹2.50 लाख और अनुराग सिंह देव ने ₹1 लाख देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, निगम सभापति हरविंदर सिंह (टिनी), ललन प्रताप सिंह, रणविजय सिंह तोमर, सोमनाथ सिंह, अम्बिकेश केशरी, रविन्द्र तिवारी, विकास पाण्डेय, अनिल जायसवाल, विवेक सिंह, ज्ञानेश्वर सिंह, प्रेमानंद तिग्गा, स्वरूप कांत थॉमस समेत भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और दर्शक मौजूद रहे।











