Ambikapur News : सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में गुरुवार दोपहर चोपड़ापारा काली मंदिर स्थित पेट्रोल पंप के पास दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पेट्रोल पंप पर कार्यरत महिला कर्मचारी पर युवक ने चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे शहर में दहशत फैल गई और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका का नाम भारती टोप्पो था, जो बलरामपुर जिले के मगाजी पोस्ट शाहपुर की रहने वाली थी और अंबिकापुर के श्री कृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप में काम करती थी। गुरुवार को ड्यूटी के दौरान आरोपी युवक जोगेंद्र पैकरा निवासी भुलसीकला, कुसमी वहां पहुंचा और धारदार चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में पहले पेट पर वार करने की कोशिश की गई, लेकिन बचाव के दौरान चाकू युवती के हाथ में गहराई तक घुस गया। इसके बाद लगातार किए गए प्रहार से भारती गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी। उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान एक अन्य कर्मचारी ने पीड़िता को बचाने की कोशिश की तो वह भी घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से भागने लगा, लेकिन लोगों ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा किया और काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी युवक ने दावा किया है कि उसका पहले युवती के साथ प्रेम प्रसंग था और किसी विवाद को लेकर वह उससे नाराज़ था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद शहरवासियों में भारी आक्रोश है। लोग कह रहे हैं कि अंबिकापुर में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। वहीं, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और दोषी पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Read More :
अंबिकापुर में दिनदहाड़े पेट्रोल पंप कर्मचारी पर चाकू से हमला, युवती गंभीर










