Air Force Day 2025 India: भारतीय वायुसेना का 93वां स्थापना दिवस बुधवार को गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर पूरे गर्व और जोश के साथ मनाया गया। इस वर्ष वायुसेना दिवस की थीम रही – ‘भारतीय वायु सेना – सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर’, जो देश की रक्षा में वायुसेना की बढ़ती तकनीकी ताकत और आत्मनिर्भरता को दर्शाता है।

वीरता को किया गया सम्मानित
इस वर्ष का वायुसेना दिवस ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के वीर योद्धाओं को समर्पित किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय वायुसेना के अद्वितीय साहस और शौर्य के लिए कुल 97 वीरता पुरस्कार प्रदान किए गए। यह सम्मान उन वायु योद्धाओं को दिया गया, जिन्होंने विभिन्न अभियानों में बहादुरी का परिचय दिया।

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का संबोधन
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी की सेवानिवृत्ति के बाद हाल ही में नियुक्त एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने अपने संबोधन में कहा:“मुझे गर्व है कि मैं ऐसी वायुसेना का हिस्सा हूं, जो तकनीक और क्षमता में दुनिया की अग्रिम वायु सेनाओं में गिनी जाती है। हमारे वायु योद्धाओं ने हर युग में देश की रक्षा में वीरता दिखाई है – 1947 में कश्मीर की रक्षा, 1965 में आकाश से प्रहार, 1971 में बांग्लादेश का निर्माण, 1999 के कारगिल युद्ध और 2019 के बालाकोट एयरस्ट्राइक जैसे अभियानों से लेकर हाल के ऑपरेशन सिंदूर तक, हर मोर्चे पर वायुसेना ने देश को गौरवान्वित किया है।” उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि केवल चार दिनों में दुश्मन पर विजय प्राप्त करना भारतीय वायुसेना की तैयारियों और संकल्प को दर्शाता है।
राष्ट्रपति और शीर्ष सैन्य नेतृत्व की श्रद्धांजलि
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुबह एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए वायुसेना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा “वायुसेना दिवस पर सभी वायु योद्धाओं, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई। आपकी निष्ठा और साहस से देश गौरवान्वित है।”
वहीं सीडीएस जनरल अनिल चौहान, थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, वायुसेना प्रमुख एपी सिंह और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
3 साल बाद गाजियाबाद में आयोजन
गौरतलब है कि तीन साल बाद वायुसेना दिवस का आयोजन हिंडन एयरबेस, गाजियाबाद में किया गया। सुरक्षा कारणों और रनवे गतिविधियों के चलते हिंडन से होने वाली सभी उड़ानें दो दिन पहले से रद्द कर दी गई थीं।भारतीय वायुसेना दिवस न केवल हमारी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन है, बल्कि यह हमारे वायु योद्धाओं के साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति को सलाम करने का भी दिन है। ‘सक्षम, सशक्त, आत्मनिर्भर’ थीम के साथ वायुसेना ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि आसमान की सुरक्षा अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और आत्मनिर्भर हाथों में है।










