Akhilesh Azam relationship: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को रामपुर पहुंचे और वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात की। आजम खान 23 महीने बाद जेल से जमानत पर बाहर आए हैं। इस दौरान सपा के कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी प्रमुख का जोरदार स्वागत किया। अखिलेश ने आजम खान को पार्टी की जड़ और धड़कन बताया और उनके प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

आजम खान को पार्टी की जड़ बताया
अखिलेश यादव ने मुलाकात के बाद कहा, “आजम खान इस पार्टी की जड़ हैं। इनका साथ हमेशा रहा है और रहेगा। आजम साहब के ऊपर कई झूठे मुकदमे लगाए गए हैं, जो पूरी तरह से बेबुनियाद थे।” उन्होंने आगे कहा, “अगर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बात की जाए तो सबसे ज्यादा झूठे मुकदमे आजम खान जी पर ही लगे थे।”अखिलेश ने आजम खान और उनके परिवार पर लगे आरोपों को पूरी तरह झूठा करार दिया। उन्होंने कहा कि इन झूठे मामलों के कारण आजम खान और उनके परिवार को बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन पार्टी हमेशा उनके साथ खड़ी रही है।

2027 में सपा की सरकार बनने का दावा
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि वे आज रामपुर इसीलिए आए थे ताकि आजम खान का हाल-चाल जान सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह आगे भी आजम खान से मिलने आते रहेंगे।उन्होंने साफ कहा, “2027 में हमारी सरकार बनने वाली है। जब हमारी सरकार आएगी, तो उन सभी लोगों पर लगे झूठे मुकदमे वापस लिए जाएंगे, जिन पर राजनीतिक विरोध के चलते केस दर्ज किए गए थे।”
आजम खान की वापसी से सपा को मजबूती मिलेगी
23 महीने की जेल यात्रा के बाद आजम खान की वापसी को सपा के लिए एक बड़ा राजनीतिक कदम माना जा रहा है। रामपुर में कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि आजम की वापसी से पार्टी के भीतर नई ऊर्जा और जोश आ गया है। सपा के लिए आजम खान की राजनीतिक पकड़ और अनुभव महत्वपूर्ण माने जाते हैं।अखिलेश यादव की आजम खान से मुलाकात ने साफ कर दिया है कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष एकजुट हैं। पार्टी ने अपने वरिष्ठ नेता को कभी अकेला नहीं छोड़ा और आगे भी साथ रहेगा। 2027 के चुनावों में सपा की सरकार बनने की उम्मीद और झूठे मामलों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जोश भर रहा है।










