Ambikapur News : आज के दौर में जब अधिकांश लोग किसी हादसे के समय मदद के बजाय सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना ज्यादा जरूरी समझते हैं, वहीं सरगुजा जिले के एक शिक्षक ने अपनी जान जोखिम में डालकर इंसानियत की मिसाल पेश की। दशहरा के दिन चोपड़ापारा स्थित पेट्रोल पंप में काम करने वाली युवती की चाकू मारकर हत्या करने के बाद भाग रहे आरोपी को सहायक शिक्षक अरुण सिंह ने साहस दिखाते हुए दौड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

इस वीरता और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन सरगुजा ने अरुण सिंह का सम्मान किया। जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने अरुण सिंह को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

इस दौरान संगठन के पदाधिकारी काजेश घोष, राकेश दुबे, अमित सोनी, राजेश सिंह और नाजिम खान उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक अरुण सिंह ने जिस प्रकार बिना भय और स्वार्थ के मानवता का परिचय दिया है, वह समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।टीचर्स एसोसिएशन ने कहा कि ऐसे साहसी शिक्षक न केवल शिक्षा जगत के गौरव हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव के प्रतीक भी हैं। अरुण सिंह का यह कार्य इस बात का उदाहरण है कि यदि प्रत्येक नागरिक जिम्मेदारी से कार्य करे तो अपराध और भय से मुक्त समाज का निर्माण संभव है।











