◆ तीन दिनों में खेले गए छह शानदार मुकाबले, खिलाड़ियों ने दिखाया दमदार खेल
फुटबॉल प्रेमियों के लिए सरगुजा अंचल के परसा में इन दिनों खेल का उत्सव छाया हुआ है। राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (RRVUNL), अदाणी फाउंडेशन, ग्राम पंचायत परसा एवं आदर्श टाइगर यूथ क्लब के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे परसा ईस्ट केते बासेन फुटबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया है। दूसरे, तीसरे और चौथे दिन (6 से 8 अक्टूबर) तक कुल छह मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और टीम स्पिरिट का शानदार प्रदर्शन किया।

तीन दिनों में छाए रहे रोमांचक मुकाबले
06 अक्टूबर को हुए दूसरे दिन के मुकाबले में वृंदावन टीम ने दुग्गा को 1-0 से हराया। वृंदावन के खलेश्वर को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, दूसरे मैच में गीना बहार जशपुर ने रैबल पैंथर लुंड्रा को 3-1 से पराजित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राहुल को सम्मानित किया गया।

07 अक्टूबर को हुए मुकाबले में बरपारा बलरामपुर ने यूनाइटेड इलेवन अंबिकापुर को 3-1 से हराया। इस मैच में गोलकीपर गंगाराम का शानदार प्रदर्शन रहा, जिन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
08 अक्टूबर को चौथे दिन दोतरफा मुकाबलों में परसा बी ने दादा भाई बैकुंठपुर (कोरिया) को 3-0 से हराया, जबकि चरचा कॉलरी (बैकुंठपुर) ने स्टार क्लब लखनपुर (सरगुजा) को 3-0 से मात दी। इन मैचों में क्रमशः नीलभूषण और आयुष करकेट्टा को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
तीसरे मैच में शिवनगर (सूरजपुर) ने जे.एफ.सी. कुन्नी (सरगुजा) को 2-0 से पराजित किया, जिसमें राहुल करियाम ‘मैन ऑफ द मैच’ बने।
पाँचवें दिन चरचा कॉलरी की पेनल्टी में जीत
09 अक्टूबर को खेले गए पाँचवें दिन के मुकाबले में चरचा कॉलरी (कोरिया) ने गुटूरमा (कोरबा) को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर जीत दर्ज की। अशोक कुमार जी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ पुरस्कार से नवाजा गया।
ग्रामीण खेलों को मिल रहा प्रोत्साहन
टूर्नामेंट में सरगुजा, कोरिया, कोरबा, जशपुर और बलरामपुर सहित कई जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन समिति के अनुसार, यह प्रतियोगिता न केवल ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रही है, बल्कि खेल भावना और सामुदायिक एकता को भी मजबूत कर रही है।
फाइनल मैच 17 अक्टूबर 2025 को आयोजित होगा, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आयोजन समिति के सदस्यों की उपस्थिति रहेगी।
अदाणी फाउंडेशन द्वारा कहा गया है कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ने, अनुशासन विकसित करने और राज्य में फुटबॉल व तीरंदाजी जैसे खेलों को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक सशक्त कदम हैं।











